'बंदूकबाज' भाजपा विधायक बोले- एकनाथ शिंदे ने बना दिया क्रिमिनल

  • Share on :

मुंबई। थाने में शिवसेना नेता पर फायरिंग के मामले में कल्याण से भाजपा विधायक गणपत गायकवाड़ को गिरफ्तार किया गया है। वहीं राज्य के गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना की उच्चस्तरीय जांच करने का आदेश भी दे दिया है। गिरफ्तारी से पहले एक न्यूज चैनल से फोन पर बात करते हुए गणपत गायकवाड़ ने इस घटना के अंदर की कहानी बताई। वहीं उन्होंने कहा कि एकनाथ शिंदे ने ही एक भले आदमी को अपराधी बना दिया। बता दें कि महाराष्ट्र में भाजपा औऱ शिवसेना की गठबंधन की सरकार है। गायकवाड़ ने शिवसेना नेता महेश गायकवाड़ पर गोली चलाई थी जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है औऱ हालत नाजुक बताई जा रही है। 
फोन पर बातचीत की ऑडियो क्लिप के मुताबिक गणपत गायकवाड़ ने बाताया, मामला जमीन विवाद का था। मेरी जमीन पर जबरन कब्जा किया जा रहा था औऱ मेरे सामने ही मेरे बेटे को पीटा जा रहा था। अगर एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रहते हैं तो राज्य में अपराधी बढ़ेंगे। उन्होंने मुझ जैसे भले आदमी को भी अपराधी बना दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस स्टेशन में उनके बेटे की पिटाई हो रही थी जिसकी वजह से वह आगबबूला हो गए और पांच गोलियां चलाईं। उन्होंने कहा कि एकनाथ शिंदे राज्य में अपराधियों का साम्राज्य खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं। 
गायकवाड़ ने कहा कि बेटे की हालत देखकर मैं फ्रस्ट्रेट हो गया था। ऐसे में मैं क्या करता। मैंने मजबूरन गोली चला दी। मुझे इस बात का तनिक भी पछतावा नहीं है। मैं किसी को मारना नहीं चाहता था। बता दें कि रिपोर्ट के मुताबिक गायकवाड़ ने थाने के अंदर पांच राउंड फायर किए थे। इसमें महेश गणपत समेत शिवसेना के दो नेता घायल हो गए जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत देखते हुए उन्हें जुपिटर अस्पताल भेजा गया। उनकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।
साभार  लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper