सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य जांच एवं पोषण परामर्श शिविर आयोजित

  • Share on :

बैगा बाहुल्य वनग्रामों में 87 हितग्राहियों की स्वास्थ्य जांच, पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी दी गई जानकारी
डिंडौरी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री श्याम सिंगौर के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के समन्वय से बैगा बाहुल्य वनग्राम पोंडी, ईश्वरपुर बंगवार एवं वकीली टोला झामूल में स्वास्थ्य जांच एवं पोषण परामर्श शिविर आयोजित किए गए। शिविर का उद्देश्य दूरस्थ वनग्रामों में निवासरत परिवारों तक स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना तथा गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, बच्चों, किशोरियों एवं महिलाओं को आवश्यक स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श उपलब्ध कराना रहा।
     शिविर के दौरान 15 गर्भवती महिलाओं, 12 धात्री माताओं, 34 बच्चों तथा 26 अन्य महिलाओं एवं किशोरियों सहित कुल 132 हितग्राहियों की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के दौरान आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी परामर्श प्रदान किया गया। हितग्राहियों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, स्वच्छता, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के संबंध में जानकारी दी गई। इन ग्रामों में कुल 148 परिवारों को आहार अनुदान योजना का लाभ प्राप्त हो रहा है। शिविर में इन परिवारों सहित अन्य पात्र हितग्राहियों को भी स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं की जानकारी प्रदान की गई।
       स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के मैदानी अमले द्वारा ग्रामीण परिवारों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्ध स्वास्थ्य-पोषण सेवाओं की जानकारी दी गई। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से दूरस्थ एवं वनग्राम क्षेत्रों में निवासरत पात्र हितग्राहियों तक विभागीय सेवाएं पहुंचाने तथा उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य निरंतर किया जा रहा है।
शिवम् प्रजापति डिंडोरी ब्यूरो

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper