यूपी में भारी बारिश का कहर: 63 जिलों में सामान्य से 19 गुना ज्यादा पानी, बाढ़ और बारिश का अलर्ट
लखनऊ. उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से कई जिलों में हालात बिगड़ गए हैं. कई जगह जलभराव है. तेज बारिश और हवाओं से पेड़ और कच्चे मकान भी गिरे हैं. इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ घंटों के मौसम को लेकर नया पूर्वानुमान जारी किया है.
IMD के मुताबिक दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना डिप्रेशन उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है. पिछले छह घंटे में यह करीब 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ा है. 26 सितंबर की रात 11.30 बजे यह सिस्टम उसी क्षेत्र में मौजूद था.
मौसम विभाग का कहना है कि यह सिस्टम उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा. यह पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर से गुजरेगा. अगले छह घंटे में इसके धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना है. इसके बाद यह उसी क्षेत्र में एक अच्छी तरह से चिह्नित कम दबाव वाले क्षेत्र में बदल सकता है. IMD इस सिस्टम पर लगातार नजर बनाए हुए है. लखनऊ में लगे डॉप्लर मौसम रडार के जरिए इसकी निगरानी की जा रही है.
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है. पूर्वी यूपी में बारिश का असर ज्यादा रहने की संभावना है. कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश भी हो सकती है. केंद्रीय तराई क्षेत्र में कुछ जगहों पर बेहद भारी बारिश की आशंका जताई गई है. अगले 24 घंटे में मध्य और तराई यूपी के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों में अचानक बाढ़ का हल्का से मध्यम खतरा भी बताया गया है.
रविवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. शनिवार को यूपी के 63 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई. पिछले 24 घंटे में प्रदेश में सामान्य से करीब 19 गुना ज्यादा बारिश हुई. कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश हुई.
साभार आज तक

