करनाल के पॉश इलाके में हाई-प्रोफाइल चोरी: ताले तोड़कर उड़ाए लाखों के जेवर और नकदी, जांच में जुटी सीआईए

  • Share on :

करनाल. हरियाणा के करनाल जिले के पॉश सेक्टर-7 इलाके में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है. परिवार के सदस्य धार्मिक यात्रा पर श्री बद्रीनाथ गए हुए थे, जबकि घर की बहुएं अपने मायके में थीं. इसी दौरान शातिर चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और चांदी के सिक्कों पर हाथ साफ कर दिया. इतना ही नहीं, बदमाश घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि उनके खिलाफ कोई सबूत न बच सके.
जानकारी के अनुसार परिवार के सदस्य यात्रा के दौरान मोबाइल फोन के जरिए घर में लगे कैमरों की निगरानी कर रहे थे. वापसी के दौरान उन्हें कैमरों की फीड बार-बार बफरिंग होती दिखाई दी. उस समय उन्होंने सोचा कि शायद नेटवर्क की दिक्कत है, लेकिन जब सोमवार को परिवार घर पहुंचा तो वारदात का खुलासा हुआ.
घर के मेन गेट से अंदर प्रवेश करते ही परिवार के लोगों के होश उड़ गए. मकान का लकड़ी का दरवाजा टूटा हुआ था. अंदर जाकर देखा तो कमरों के दरवाजों के लॉक टूटे पड़े थे और पूरा सामान बिखरा हुआ था. अलमारियां और लॉकर तोड़ दिए गए थे. बेड और कमरों में सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था.
पीड़ित परिवार के मुताबिक चोर करीब 30 से 35 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, 2 से ढाई लाख रुपये की नकदी और बड़ी संख्या में चांदी के सिक्के चोरी कर ले गए. वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश सीसीटीवी सिस्टम का डीवीआर भी उखाड़कर अपने साथ ले गए.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. इसके अलावा सीआईए की टीमें भी मौके पर पहुंचीं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है.
पॉश इलाके में हुई इस बड़ी चोरी ने स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है. अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस इस हाई-प्रोफाइल चोरी का खुलासा कब तक कर पाती है.
साभार आज तक

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper