हिंदू जागरण मंच जिला द्वारिका ने गरबा आयोजनों का किया निरीक्षण, आयोजकों को नियमावली की दी जानकारी

  • Share on :

इंदौर। नवरात्रि पर्व के दौरान जिले में आयोजित हो रहे गरबा महोत्सवों को लेकर हिंदू जागरण मंच जिला द्वारिका की टीम सक्रिय नजर आई। मंच के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विभिन्न गरबा पंडालों में पहुंचकर आयोजकों और संचालकों से चर्चा की। इस दौरान संगठन की ओर से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दिए गए ज्ञापन में उल्लेखित मांगों एवं नियमावली से आयोजकों को अवगत कराया गया। साथ ही आयोजन स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक समझाइश दी गई।

हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने आयोजकों से आग्रह किया कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं आम श्रद्धालुओं के लिए गरबा आयोजन में प्रवेश पास निःशुल्क रखने की व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही आयोजन स्थलों पर आने वाले लोगों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए पहचान पत्रों की जांच करने, तिलक लगाने तथा सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई।

मंच की ओर से गरबा आयोजनों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक गीतों और भजनों को प्राथमिकता देने, प्रतिभागियों के पहनावे में सांस्कृतिक मर्यादा का ध्यान रखने तथा नशा करके आने वाले लोगों को पंडाल में प्रवेश नहीं देने की मांग भी रखी गई। संगठन के पदाधिकारियों ने आयोजकों से इन बिंदुओं पर गंभीरता से ध्यान देने की अपील की।

ये पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रहे उपस्थित

निरीक्षण एवं जनसंपर्क अभियान के दौरान जिला द्वारिका के सह-संयोजक विक्की तिवारी, जिला संवेदनशील क्षेत्र प्रमुख रोहित चांसरकर, जिला कार्यालय प्रमुख शैलू ठाकुर, केशव नगर संयोजक संजय यादव, सह-संयोजक मुकेश पाल तथा संवेदनशील प्रमुख नीरज बघेल सहित नगर टोली के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इसके अलावा आदि शंकराचार्य क्षेत्र से सह-संयोजक यश भंडारी, रवि शर्मा, संजय एवं राजेश शर्मा तथा ज्योतिबा फुले क्षेत्र से अभिजीत जाधव और लखन शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता भी अभियान में शामिल हुए।

हिंदू जागरण मंच जिला द्वारिका के जिला संयोजक पीयूष जादम के नेतृत्व में संगठन ने गरबा आयोजकों से धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का पालन करने तथा आयोजन स्थलों पर सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने की अपील की।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper