बरही में भीषण सड़क हादसा: बेकाबू बस ने बाइक, स्कूटी, कार और ठेले को मारी टक्कर

  • Share on :

कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर 
 कटनी। कटनी जिले के बरही नगर में बुधवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गहरवार बस सर्विस की एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित बस ने सड़क किनारे खड़े एवं गुजर रहे कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक बाइक, स्कूटी, कार तथा ठेला-टपरा क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के दौरान सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने इधर-उधर भागकर अपनी जान बचाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज गति से आ रही थी और अचानक चालक का नियंत्रण वाहन पर नहीं रहा। देखते ही देखते बस ने एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मार दी। गनीमत रही कि समय रहते लोगों ने भागकर अपनी जान बचा ली, अन्यथा बड़ा जनहानि का हादसा हो सकता था।
हादसे की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर यातायात कुछ समय के लिए पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही बरही पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के साथ यातायात व्यवस्था सुचारू कराने में जुट गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह हादसा बेलगाम एवं लापरवाह यातायात व्यवस्था का परिणाम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी लगातार बड़े हादसों को न्योता दे रही है। नागरिकों ने प्रशासन से दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा नगर में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper