धार में भीषण सड़क हादसा: पुलिया से टकराकर कार में लगी आग, सांवरिया सेठ से लौट रहे 4 दोस्तों की जिंदा जलकर मौत

  • Share on :

धार। बदनावर तहसील अंतर्गत लेबड़-नयागांव फोरलेन पर रविवार देर रात एक रोंगटे खड़े कर देने वाला दर्दनाक हादसा हो गया। सादलपुर और खेरोद के बीच एक ढाबे के पास श्रद्धालुओं से भरी कार पुलिया के डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का इंजन उखड़कर दूर जा गिरा और गाड़ी पुलिया से नीचे जा गिरी। हादसे के तुरंत बाद कार में भीषण आग लग गई, जिससे उसमें सवार चार युवकों की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई। वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सागौर (धार) के रहने वाले पांचों दोस्त कार से राजस्थान स्थित सांवरिया सेठ मंदिर दर्शन करने गए थे। रविवार रात करीब 11:30 बजे जब वे वापस लौट रहे थे, तभी सादलपुर के पास कार बेकाबू होकर पुलिया पर बने डिवाइडर से जा टकराई। भीषण टक्कर के चलते एक युवक छिटककर कार से बाहर जा गिरा, जबकि चार युवक अंदर ही फंस गए। 
हादसे के बाद कार में देखते ही देखते विकराल आग लग गई और अंदर फंसे युवकों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और स्थानीय पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। दमकल की गाड़ियों को बुलाकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी और चारों युवक दम तोड़ चुके थे। पुलिस ने मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए धार जिला चिकित्सालय भिजवाया।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान अंकुश उर्फ भीम (20) पिता विक्रम चौधरी, चेतन चौधरी (20) पिता जीवन चौधरी, आदित्य उर्फ अनमोल तिवारी (19) पिता संतोष तिवारी और अभिषेक सोलंकी पिता लक्ष्मण सोलंकी के रूप में हुई है। हादसे में तुषार मंडलोई (20) पिता मुकेश मंडलोई घायल हो गया जिसे प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है।
साभार साभार अमर उजाला'

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper