सागर-झांसी हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: बम डिस्पोजल स्क्वाड के 4 जवानों की मौत, डॉग सुरक्षित

  • Share on :

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां सड़क दुर्घटना में बम डिस्पोजल स्क्वाड (BDS) के चार जवानों की मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है। घायल जवान का उपचार सागर के एक निजी अस्पताल में जारी है। घटना तड़के करीब 4 बजे सागर–झांसी नेशनल हाईवे-44 पर बांदरी और मालथौन के बीच झीकनी घाटी के पास हुई। जानकारी के अनुसार, मुरैना BDS टीम का वाहन बालाघाट से ड्यूटी कर वापस लौट रहा था, तभी पुलिस वाहन की टक्कर एक कंटेनर से हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में आरक्षक प्रधुमन दीक्षित, आरक्षक अमन कौरव, चालक परमलाल तोमर (सभी निवासी मुरैना), डॉग मास्टर विनोद शर्मा (निवासी भिंड) शहीद हुए।
इसके अलावा, आरक्षक राजीव चौहान गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है। हादसे में जवानों के साथ मौजूद डॉग सुरक्षित पाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। प्रारंभिक जांच में हादसे के पीछे वाहन अनियंत्रित होने और कंटेनर से जोरदार टक्कर की बात सामने आ रही है। इस दर्दनाक दुर्घटना से मुरैना और भिंड जिलों में गहरा शोक व्याप्त है। शहीद जवानों के शवों को मालथौन ले जाया गया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper