सऊदी अरब के कई शहरों पर हूती लड़ाकों का मिसाइल हमला, जवाब में गठबंधन का भीषण हवाई प्रहार

  • Share on :

दुबई। यमन में हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन के बीच संघर्ष तेज हो गया है। हूती लड़ाकों ने शनिवार को सऊदी अरब के कई शहरों में मिसाइल और ड्रोन हमले करने का दावा किया। इसके जवाब में सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने यमन में हूती विद्रोहियों के कब्जे वाले इलाकों पर भीषण हवाई हमले किए। इन हमलों में कई लोगों के हताहत होने की खबर है।
हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरिया ने बयान जारी कर कहा कि संगठन ने शनिवार को सात मिसाइल और ड्रोन हमले किए। इनका निशाना सऊदी अरब के रियाद, यानबू, रबीग, दम्माम, नजरान और खमीस मुशैत शहरों में स्थित एयरपोर्ट, तेल प्रतिष्ठान और एक सैन्य अड्डा थे।  सरिया के मुताबिक, रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को दो चरणों में निशाना बनाया गया। इसके अलावा यानबू में सऊदी अरामको के प्रतिष्ठानों और दम्माम में किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी हमले किए गए।
सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने कहा कि उसने हूती विद्रोहियों की ओर से रियाद, ताइफ और यानबू शहरों की तरफ दागी गई कई मिसाइलों को रोककर नष्ट कर दिया। इसके अलावा पूर्वी प्रांत में एक ड्रोन को भी मार गिराया गया। सऊदी अरब के नागरिक सुरक्षा महानिदेशालय ने बताया कि रोकी गई दो मिसाइलों का मलबा मक्का और मदीना क्षेत्रों में गिरा। इसके बाद हूती संगठन ने इन दोनों पवित्र शहरों को निशाना बनाने के आरोपों से इनकार किया। संगठन ने इन दावों को "झूठा और बेबुनियाद" बताया।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper