सऊदी अरब के नजरान में हूती विद्रोहियों की अंधाधुंध गोलाबारी: कई देशों के प्रवासियों समेत 11 नागरिक ज़ख्मी

  • Share on :

नई दिल्ली. यमन सीमा के पास सऊदी अरब के नजरान इलाके में हूती हमलों में बच्चे समेत 11 नागरिक घायल हो गए. सऊदी सेना के प्रवक्ता तुर्की अल-मल्की ने कहा कि घायलों में 7 सऊदी नागरिक, 1 यमनी, 2 मिस्री और 1 पाकिस्तानी प्रवासी शामिल हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, घायलों में 4 साल का एक बच्चा भी है.
ये हमले गुरुवार को हुए. सऊदी सेना के मुताबिक, हूती विद्रोहियों ने नागरिक ठिकानों पर अंधाधुंध गोलाबारी की. अल-मल्की ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि हूती मिलिशिया ने नागरिकों और नागरिक ठिकानों को जानबूझकर निशाना बनाया, जो कस्टमरी इंटरनेशनल ह्यूमैनिटेरियन लॉ का खुला उल्लंघन है.
नजरान में हुआ यह हमला उस वक्त हुआ जब इससे कुछ घंटे पहले ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने मध्य और पूर्वी यमन में एक और हमले की जिम्मेदारी ली थी. यमनी अधिकारियों के मुताबिक, मारिब और हदरामौत प्रांतों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार की फौज के कैंप निशाने पर थे.
इन हमलों में कम से कम 30 सरकारी सैनिक मारे गए और कम से कम 50 अन्य घायल हुए. अधिकारियों ने नाम नहीं बताने की शर्त पर यह जानकारी दी. हूती ब्रिगेडियर जनरल याह्या सरी ने कहा कि मारिब और हदरामौत के कैंपों पर बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन से हमला किया गया.
हूती ब्रिगेडियर के मुताबिक, यह कार्रवाई पूर्वी यमन में सऊदी समर्थित बलों की बढ़ती तैनाती के जवाब में की गई. सरी ने दावा किया कि इन हमलों में सऊदी दुश्मन के सैकड़ों भाड़े के लड़ाके मारे गए या घायल हुए और कैंप, भंडार, सैन्य वाहन और हथियार नष्ट हो गए. उन्होंने कहा, "हम अपने सभी लोगों से सतर्क रहने, किसी भी सऊदी आक्रामकता का सामना करने और जहां भी सऊदी सैनिकों की मौजूदगी हो, वहां हमला करने की अपील करते हैं.".
साभार आज तक

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper