28 जून को मानव अधिकार जागरूकता रैली, जनसुनवाई व सम्मान समारोह
दिव्यानंद अर्गल
ग्वालियर। मानव अधिकार एवं सामाजिक न्याय आयोग द्वारा हर घर मानव अधिकार अभियान के अंतर्गत 28 जून को फूलबाग से सागरताल तक मानव अधिकार जन-जागरूकता रैली निकाली जाएगी। रैली का नेतृत्व संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविंद्र सिंह तोमर करेंगे। रैली के माध्यम से आमजन को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। रैली के बाद शिव विहार कॉलोनी, सागरताल में जनसभा, जनसुनवाई, वृक्षारोपण एवं सम्मान समारोह आयोजित होगा। कार्यक्रम में बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, खाद्य पदार्थों में मिलावट, पुलिस विभाग सहित विभिन्न जनसमस्याओं की सुनवाई कर उनके निराकरण के प्रयास किए जाएंगे। साथ ही प्रधानमंत्री कार्यालय के माध्यम से निराकृत शिकायतों की विवरणिका का विमोचन भी किया जाएगा। कार्यक्रम में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश महामंत्री रविंद्र लोधी मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मध्यप्रदेश शासन के महाधिवक्ता राजेश शुक्ला एवं अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री राजेंद्र सिंह भदौरिया विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पर्यावरण संरक्षण अभियान से प्रेरित होकर वृक्षारोपण किया जाएगा तथा मानव अधिकार कार्यकर्ताओं को “मानव अधिकार सम्मान” से सम्मानित किया जाएगा।

