मंडी परिसर के समीप की जमीन पर अवैध अतिक्रमण और अपराधिक गतिविधियों पर लगाम: सचिव ओ.पी. खेड़े ने नगर निगम इंदौर का जताया आभार
इंदौर। देवी अहिल्याबाई होलकर फल एवं सब्जी मंडी प्रशासन और नगर निगम इंदौर के संयुक्त प्रयासों से मंडी परिसर के समीप नाले के किनारे बसे अवैध अतिक्रमण को पूरी तरह हटा दिया गया है। मंडी सचिव ओ.पी. खेड़े ने नगर निगम के विशेष सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया है।
अवैध गतिविधियों का केंद्र बन गई थीं झुग्गियां
विगत कुछ समय से मंडी की बाउंड्रीवाल के बाहर नाले के किनारे कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अवैध झुग्गी-झोपड़ियाँ बना ली गई थीं। इन झुग्गियों में रहने वाले लोग मंडी परिसर में सक्रिय होकर गंभीर वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
कार्रवाई के मुख्य कारण:
कृषि उपज की चोरी: -ये तत्व रात के अंधेरे में मंडी शेड से लहसुन, प्याज, आलू और अन्य सब्जियां चोरी कर दिन में बाहर बेच रहे थे।
-विरोध करने पर ये लोग चाकूबाजी, मारपीट और महिलाओं-बच्चों के माध्यम से झूठे आरोप लगाने जैसी धमकियां देते थे।
वाहनों में तोड़फोड़: मंडी में आने वाली गाड़ियों के शीशे फोड़ना और मोबाइल/सामान चोरी करना इनके द्वारा आम बात हो गई थी।
प्रशासन की सख्त कार्रवाई
मंडी समिति द्वारा पूर्व में दिए गए पत्र और निरंतर संवाद के बाद, नगर निगम इंदौर ने अपनी टीम को भेज कर इन अवैध निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है।
सचिव ओ.पी. खेड़े ने कहा, "मंडी व्यापारियों और किसानों के हितों की रक्षा हमारी प्राथमिकता है। नगर निगम के सहयोग से इस इलाके को अब असामाजिक तत्वों से मुक्त करा लिया गया है। इस कार्रवाई से मंडी में फिर से सुरक्षित वातावरण बनेगा और किसानों की उपज सुरक्षित रहेगी। हम आगे भी सतर्क रहेंगे ताकि भविष्य में ऐसा अतिक्रमण दोबारा न हो।"

