बंद मकान में मिला अवैध शराब का जखीरा, 1.25 लाख की मदिरा जब्त

  • Share on :

 

पत्रकार - खुशबू श्रीवास्तव

इंदौर। जिले में अवैध मदिरा के विक्रय, परिवहन एवं संग्रहण के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत सोमवार सुबह महूनाका के पीछे बाराबाई क्षेत्र में साईं मंदिर के पास एक बंद मकान से करीब 141 बल्क लीटर अवैध मदिरा बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 1.25 लाख रुपये बताई गई है।
आबकारी विभाग के अनुसार, अधिकारियों को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बाराबाई क्षेत्र स्थित एक मकान में अवैध रूप से शराब का संग्रहण किया गया है। सूचना के आधार पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी निधि शर्मा, आबकारी उपनिरीक्षक आकाश मेश्राम एवं टीम मौके पर पहुंची। मकान पर ताला लगा मिला। पंचों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कर नियमानुसार ताला खोलकर मकान की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान विभिन्न ब्रांड की व्हिस्की, वोदका और बीयर बरामद हुई। इनमें London Pride की 27, Batch Master की 25, 8 PM की 27 और Officer's Choice की 48 बोतलें शामिल हैं। इसके अलावा Magic Moments Apple की 4, Magic Moments Jamun की 3, Simon की 1, Rockford की 1 और Blender's Pride की 2 बोतलें मिलीं। उक्त विदेशी मदिरा की बोतलें 750 एमएल क्षमता की हैं।
वहीं, Kingfisher Strong की 14 कैन और Bolt बीयर की 62 कैन भी बरामद की गईं। दोनों की क्षमता 500 एमएल है। विभाग के मुताबिक बरामद मदिरा मध्यप्रदेश में बिक्री के लिए रखी गई थी।
कार्रवाई के दौरान मकान से संबंधित व्यक्ति मौके पर मौजूद नहीं मिला और फरार पाया गया। फिलहाल आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है। आबकारी विभाग ने मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विभाग द्वारा अब मकान से जुड़े व्यक्ति, शराब के स्रोत, उसके संग्रहण और संभावित बिक्री नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि अवैध मदिरा के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper