इंदौर में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का बड़ा प्रहार दो दिन में दो बड़ी कार्रवाई, 1,000 से ज्यादा पेटियां जब्त; 1 करोड़ रुपये से अधिक की शराब बरामद
पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। अवैध शराब के खिलाफ इंदौर आबकारी विभाग ने लगातार दो दिनों में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1,000 से अधिक पेटियां शराब जब्त की हैं। दोनों कार्रवाई में बरामद शराब की अनुमानित कीमत 1 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार और अंतरराज्यीय तस्करी से जुड़े नेटवर्क में हड़कंप मचा हुआ है।
यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना के निर्देश पर, कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन तथा सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में कंट्रोलर कमलेश सोलंकी, डिप्टी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल, एडीईओ निधि शर्मा सहित आबकारी विभाग की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बायपास पर 55 लाख की शराब से भरा कंटेनर पकड़ा
पहली कार्रवाई में आबकारी विभाग की टीम ने इंदौर बायपास क्षेत्र में एक संदिग्ध कंटेनर को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान कंटेनर से हरियाणा/पंजाब निर्मित शराब की 500 से अधिक पेटियां बरामद हुईं। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 55 लाख रुपये बताई गई है।
शराब को जब्त कर कंटेनर को अभिरक्षा में लिया गया। मामले में वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
देव नगर में दूसरी बड़ी खेप बरामद
दूसरी कार्रवाई में आबकारी टीम ने देव नगर क्षेत्र में पंचमुखी हनुमान मंदिर से RTO की ओर जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। वाहन एम बूस्टर प्लस आयशर क्रमांक MP 09 GH 2370 की जांच के दौरान PARIIS ROSE PREMIUM WHISKEY, 180 एमएल के पाव की करीब 500 पेटियां बरामद की गईं।
बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में भी शराब जब्त कर प्रकरण दर्ज किया गया है।
तस्करी नेटवर्क की जांच तेज
लगातार दो दिनों में शराब की इतनी बड़ी खेप पकड़े जाने के बाद आबकारी विभाग ने अब शराब के स्रोत, गंतव्य और परिवहन से जुड़े नेटवर्क की जांच तेज कर दी है। अधिकारियों द्वारा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अवैध शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
आबकारी विभाग का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

