इंदौर में NDDB अध्यक्ष डॉ. मीनेश शाह की किसानों के साथ अहम बैठक
पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
दूध उत्पादकों के हित, डेयरी विकास और सहकारी व्यवस्था को मजबूत करने पर हुआ मंथन
इंदौर। राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) के अध्यक्ष एवं प्रबंध संचालक डॉ. मीनेश शाह ने इंदौर में किसान प्रतिनिधियों एवं डेयरी क्षेत्र से जुड़े अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने, दुग्ध उत्पादक किसानों के हितों, सहकारी दुग्ध व्यवस्था को मजबूत करने और किसानों की आय में वृद्धि जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में NDDB आणंद (गुजरात), एमपी स्टेट को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन भोपाल, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, सहकारिता विभाग तथा इंदौर दुग्ध संघ के वरिष्ठ अधिकारी और किसान प्रतिनिधि मौजूद रहे। डॉ. शाह ने अधिकारियों और किसानों से डेयरी क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए किसानों को बेहतर सुविधाएं, तकनीकी सहयोग और उचित अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
डॉ. मीनेश शाह ने कहा कि डेयरी क्षेत्र के विकास में किसानों की भूमिका महत्वपूर्ण है। किसानों को बेहतर सुविधाएं और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराकर सहकारी डेयरी व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा रहा है, जिससे दुग्ध उत्पादकों को इसका सीधा लाभ मिल सके।
बैठक के दौरान किसान प्रतिनिधियों ने इंदौर दुग्ध संघ द्वारा वर्तमान में दुग्ध उत्पादक किसानों को 870 रुपये प्रति किलो फैट की दर से किए जा रहे दूध भुगतान पर संतोष व्यक्त किया। किसानों ने इसे इंदौर दुग्ध संघ के इतिहास में अब तक की सर्वाधिक दूध क्रय दर बताते हुए NDDB द्वारा किए जा रहे प्रबंधन कार्यों की भी सराहना की।
किसान प्रतिनिधियों ने दुग्ध संघ द्वारा प्रत्येक माह की 5, 15 और 25 तारीख को निर्धारित समय पर दूध बिल का भुगतान किए जाने पर भी प्रसन्नता व्यक्त की। बैठक के अंत में इंदौर दुग्ध संघ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विशाल कुमार मिश्रा ने उपस्थित सभी सदस्यों एवं किसान प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

