पेड़ की अबैध कटाई बनी जानलेवा पेड़ की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत

  • Share on :

प्रदीप सिंह बघेल 
शहडोल।  शहडोल जिले में अवैध पेड़ कटाई अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगी है। गोहपारू थाना क्षेत्र के चोरमरा गांव में पेड़ काटने के दौरान अचानक विशालकाय पेड़ गिर गया, जिसकी चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं खुलेआम हो रही अवैध कटाई को लेकर वन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को चोरमरा गांव में कुछ लोग पेड़ काटने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक भारी भरकम पेड़ अनियंत्रित होकर हीरा लाल साहू (60 वर्ष) के ऊपर गिर पड़ा। पेड़ के नीचे दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद साथियों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना के बाद साथियों ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। मामले की जानकारी मिलते ही गोहपारू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। मर्ग कायम कर मामले की विवेचना की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से जंगलों में अवैध कटाई का काम जारी है, लेकिन जिम्मेदार विभाग कार्रवाई करने के बजाय मौन बना हुआ है। यही वजह है कि लगातार इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले जैतपुर थाना क्षेत्र में भी इसी तरह का मामला सामने आया था, जहां अवैध कटाई के दौरान एक व्यक्ति पेड़ के नीचे दब गया था और उसकी मौत हो गई थी। लगातार हो रहे हादसों के बाद अब वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper