IMD का अलर्ट: देश के कई हिस्सों में मॉनसून की दस्तक, दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में 11 जून तक लू का प्रकोप

  • Share on :

नई दिल्ली. जून का दूसरा हफ्ता शुरू होते ही देश में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं. दक्षिण-पश्चिम मॉनसून लगातार आगे बढ़ रहा है और केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र, पूर्वोत्तर भारत समेत कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की जा रही है. वहीं दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में गर्मी और लू का प्रकोप अभी भी बरकरार है.
भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 14 जून तक देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम सक्रिय रहेगा. कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं. वहीं उत्तर-पश्चिम भारत में 11 जून तक तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने का अनुमान है, जिसके कारण लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है.
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 11 जून तक लू चलने की संभावना जताई गई है. इन इलाकों में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर बना रह सकता है. हालांकि 11 जून के बाद पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसम प्रणालियों के प्रभाव से बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां बढ़ेंगी, जिससे तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है.
दिल्ली-एनसीआर में 13 और 14 जून को गरज-चमक के साथ बारिश तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. इससे लंबे समय से पड़ रही गर्मी से राहत मिल सकती है.
साभार आज तक

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper