एनसीआर में कोहरे का ट्रेनों-गाड़ियों और उ़ड़ानों पर दिख रहा असर

  • Share on :

नई दिल्ली। दिल्ली एनसीआर में कोहरे के अलावा ठंड और प्रदूषण का कहर जारी है। जहां दिल्ली समेत पूरा एनसीआर मंगलवार सुबह कोहरे की मोटी परत से ढका नजर आया। वहीं जमीन से लेकर आसमान तक कोहरे की वजह से रफ्तार थम गई। ट्रेनों से लेकर गाड़ियों और उड़ानों पर इसका असर दिख रहा है। यात्री खराब मौसम की वजह से परेशान हैं। 
भारतीय रेलवे ने जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली आने और जाने वाली 19 ट्रेनें खराब मौसम और कोहरे की वजह से देरी से चल और पहुंच रही हैं।
दिल्ली समेत नोएडा और गाजियाबाद में भी कोहरा ही कोहरा नजर आ रहा है। बीते सोमवार को दक्षिण-पूर्व दिशाओं से चली हवा व दिन में खिली धूप से पारा बढ़ गया। दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बुधवार को दिल्ली में बारिश होने के आसार है। बारिश के बाद दिन के तापमान में मामूली गिरावट हो सकती है। साथ ही मौसम साफ हो सकता है। प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली के मुताबिक दिल्ली का जाफरपुर व मंगेशपुर इलाका सबसे ठंडा रहा। यहां का अधिकतम तापमान सबसे कम 18.5 डिग्री दर्ज किया गया।
हवा की गति बढ़ने व दिशा बदलने से हवा में आंशिक सुधार हुआ है। हालांकि, वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में बरकरार है। सोमवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 356 दर्ज किया गया, जोकि बेहद खराब श्रेणी है। तीन इलाकों में एक्यूआई गंभीर श्रेणी में रहा। 30 इलाकों की हवा बेहद खराब रही। साथ ही, एक इलाके में हवा मध्यम श्रेणी में दर्ज की गई। हवा समग्र रूप से बेहद खराब श्रेणी में बनी रही। मौसम विभाग के मुताबिक बृहस्पतिवार तक यही स्थिति बनी रहेगी।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper