पिछड़ा वर्ग के युवाओं को सैन्य एवं सुरक्षा सेवाओं में अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना-2026 का हुआ शुभारंभ
इन्दौर। मध्यप्रदेश शासन के पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग के युवाओं को सैन्य बल, पुलिस, होमगार्ड एवं अन्य समकक्ष सुरक्षा सेवाओं में भर्ती हेतु सक्षम बनाने के उद्देश्य से 45 दिवसीय प्रशिक्षण “शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना-2026” का शुभारंभ आज देवी अहिल्या विश्वविद्यालय खंडवा रोड स्थित तक्षशिला परिसर ऑडिटोरियम में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर विधिवत किया गया। कार्यक्रम जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती रीना सतीश मालवीय के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर शिक्षाविद डॉ. स्वप्निल कोठारी, सहायक संचालक एवं नियंत्रणकर्ता अधिकारी (शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना) पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के सहायक संचालक डॉ. अनिल सोनी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्बोधन करते हुए जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती रीना सतीश मालवीय ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए शौर्य संकल्प प्रशिक्षण की सफलता की कामना की। उन्होंने कहा कि युवाओं में ऊर्जा, क्षमता और राष्ट्रसेवा का जज़्बा प्रचुर मात्रा में है। शासन की यह योजना उन्हें उचित मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण प्रदान कर आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने का कार्य करेगी। उन्होंने युवाओं से प्रशिक्षण का पूर्ण लाभ उठाकर अपने लक्ष्य को प्राप्त करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में शिक्षाविद् डॉ. स्वप्निल कोठारी ने कहा कि प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से जीवन में पढ़ाई का महत्व जीवन में संकल्प शक्ति, प्रतिबद्धता एवं पवित्रता के भाव को आत्मसात करने का महत्व बताते हुए विद्यार्थियों के जीवन सफलता प्राप्ति हेतु मेहनत और लगन से परिश्रम का महत्व बताया।
इस दौरान पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के सहायक संचालक डॉ. अनिल सोनी ने योजना की रूपरेखा एवं प्रशिक्षण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को भर्ती प्रक्रियाओं के अनुरूप तैयार किया जाएगा। योजना का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करना भी है। श्री प्रकाश मानावत ने अपने उद्बोधन में योजना के महत्व पर प्रकाश जलते हुए विद्यार्थियों से मेहनत लगाकर पढ़ाई करने का आह्वान किया।
उक्त कार्यक्रम राज्य शासन द्वारा प्रारंभ की गई यह योजना युवाओं के भविष्य निर्माण की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है। योजना के माध्यम से युवाओं को शारीरिक दक्षता , लिखित परीक्षा, व्यक्तित्व विकास एवं अनुशासन संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे वे सेना, पुलिस एवं अन्य सुरक्षा सेवाओं में भर्ती के लिए बेहतर रूप से तैयार हो सकेंगे। इस अवसर पर विभागीय निरीक्षक श्री शैलेंद्र अत्रे, श्री मुकेश मकवाना, श्री जे. एस. वर्मा, श्री महेश राठौर, श्री भूपेन्द्र गुजराती आदि उपस्थित रहे। इस अवसर पर शौर्य संकल्प योजना के कुल 200 चयनित विद्यार्थी एवं अभिभावक एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ तथा अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

