सुगम यातायात व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
ट्रांसपोर्ट नगर शिफ्टिंग को गति देने शेष भूखंडों की नीलामी प्रारंभ
व्यवस्थित परिवहन तंत्र के निर्माण हेतु बहुउद्देशीय सुविधाओं का प्रावधान, ऑनलाइन निविदाओं के माध्यम से आमंत्रण
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर कुशवाहा
कटनी । शहर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं बाधारहित बनाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कटनी द्वारा ट्रांसपोर्ट नगर शिफ्टिंग की प्रक्रिया को चरणबद्ध रूप से गति प्रदान की जा रही है। इसी कड़ी में ग्राम पुरैनी स्थित विकसित ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में उपलब्ध शेष भूखंडों के आवंटन हेतु अचल संपत्ति अंतरण नियमों के अंतर्गत नीलामी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है तथा इसके लिए ऑनलाइन निविदाएं आमंत्रित की जा चुकी हैं।
निगम प्रशासन का यह प्रयास शहर के घनी आबादी वाले क्षेत्रों से भारी वाहनों के आवागमन को नियंत्रित कर यातायात दबाव को कम करने, सड़क सुरक्षा को बढ़ाने एवं नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। ट्रांसपोर्ट नगर के पूर्ण विकसित होने से परिवहन व्यवसाय से जुड़ी गतिविधियां एक ही स्थान पर संचालित हो सकेंगी, जिससे शहर में अव्यवस्थित पार्किंग, जाम एवं प्रदूषण जैसी समस्याओं में भी काफी कमी आएगी।
भूखंडों का वर्गीकरण
ट्रांसपोर्ट नगर योजना प्रभारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र में विभिन्न उपयोगों हेतु भूखंडों का सुव्यवस्थित वर्गीकरण किया गया है। इसमें 15×30 वर्गमीटर के 27 भूखंड, 12×15 वर्गमीटर के 93 भूखंड, 6×15 वर्गमीटर के 6 भूखंड तथा 4×6 वर्गमीटर की 18 दुकानों के भूखंड शामिल हैं। इसके अतिरिक्त परिवहन गतिविधियों को समुचित आधारभूत सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से पेट्रोल पम्प, धर्मकांटा एवं ढाबा जैसे आवश्यक व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए भी पृथक भूमि आरक्षित की गई है, जिससे ट्रांसपोर्ट नगर एक पूर्ण विकसित एवं आत्मनिर्भर केंद्र के रूप में स्थापित हो सके।
पारदर्शी निविदा प्रक्रिया
निगम प्रशासन द्वारा अपनाई गई ऑनलाइन निविदा प्रक्रिया पारदर्शिता एवं प्रतिस्पर्धा को सुनिश्चित करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। इच्छुक आवेदक निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए शासकीय पोर्टल www.mptenders.gov.in के माध्यम से निविदा में भाग ले सकते हैं।
पात्र आवेदकों से सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील
निगम प्रशासन ने अधिकाधिक पात्र आवेदकों से इस योजना में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा है कि ट्रांसपोर्ट नगर के शीघ्र क्रियान्वयन से न केवल परिवहन व्यवसाय को सुव्यवस्थित प्लेटफॉर्म मिलेगा, बल्कि शहर के समग्र विकास, आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि एवं नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण में भी उल्लेखनीय योगदान प्राप्त होगा।

