अशोकनगर में सिख समाज की अहम बैठक, फिजूलखर्ची रोकने पर बनी सर्वसम्मति
अशोकनगर से रवि वंशकार की खास रिपोर्ट
अशोकनगर। गुरुद्वारा साहिब अशोकनगर में आज सिख समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के सामाजिक एवं पारिवारिक कार्यक्रमों में बढ़ती फिजूलखर्ची को रोकने को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया। बैठक में समाज के वरिष्ठजनों, विभिन्न ग्रामीण व क्षेत्रीय गुरुद्वारों से आए प्रबंधकों तथा जिले की सर्व संगत ने भाग लिया। इस बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा के बाद सर्वसम्मति से महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिन्हें पूरे अशोकनगर जिले की सिख संगत के लिए अनिवार्य रूप से लागू किया जाएगा।
बैठक में विशेष रूप से विवाह समारोहों में बढ़ते दिखावे और अनावश्यक खर्च पर चिंता जताई गई। समाज द्वारा यह निर्णय लिया गया कि विवाह के दौरान लड़की पक्ष की ओर से लड़के पक्ष को सोने की अंगूठी या किसी भी प्रकार के सोने के आभूषण उपहार स्वरूप नहीं दिए जाएंगे। समाज का मानना है कि इस परंपरा के चलते कई परिवारों पर आर्थिक दबाव पड़ता है, जिससे सामाजिक असमानता भी बढ़ती है।
इसके साथ ही शादी से जुड़े अन्य कार्यक्रमों जैसे हल्दी, मेहंदी एवं अन्य रस्में, जो आज के समय में अत्यधिक खर्चीली हो गई हैं, उन्हें सादगी के साथ मनाने का निर्णय लिया गया। बैठक में कहा गया कि विवाह का उद्देश्य दिखावा नहीं, बल्कि दो परिवारों का पवित्र संबंध होता है, जिसे सरलता और मर्यादा के साथ संपन्न किया जाना चाहिए।
बैठक में गमी (शोक) के अवसरों पर भी फिजूलखर्ची रोकने पर जोर दिया गया। यह तय किया गया कि गमी के कार्यक्रमों में लंगर पूरी तरह गुरमत मर्यादा के अनुसार सादा ही रखा जाएगा, ताकि शोक के समय अनावश्यक खर्च और दिखावे से बचा जा सके।
इसके अलावा आधुनिक समय में बढ़ते “प्रो-वेडिंग फोटो शूट” को भी समाज के मूल्यों के विरुद्ध मानते हुए उस पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया। समाज ने माना कि इस तरह के फोटो शूट सामाजिक प्रतिस्पर्धा और खर्च को अनावश्यक रूप से बढ़ाते हैं।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी अशोकनगर के प्रधान सतपाल सिंह जी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि समाज में इस प्रकार के कठोर लेकिन आवश्यक निर्णय लेना आज की आवश्यकता बन गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी व्यक्ति या परिवार इन निर्णयों का पालन नहीं करेगा, उस पर जुर्माने का प्रावधान रखा गया है, जिसकी राशि नियमों के उल्लंघन के अनुसार ₹5100 से लेकर ₹1,00,000 तक होगी।
यह सभी निर्णय अशोकनगर जिले के विभिन्न गुरुद्वारों से आए प्रबंधकों और सर्व संगत की सहमति से लिए गए हैं और यह पूरे जिले की सिख संगत पर लागू होंगे। समाज ने आशा व्यक्त की कि इन फैसलों से सिख समाज में सादगी, समानता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलेगा।

