मदन परमालिया का नर्मदा-शिप्रा के जल से अभिनन्दन करने आया हूं- सत्तन

  • Share on :

समर्पण और श्रद्धा की सेवा का रथ निरंतर चलता रहे - पटेल
इंदौर। सेवा और समर्पण का यदि कोई सटीक उदाहरण पेश करना हो तो समाजसेवी मदन परमालिया का नाम ही सामने आएगा। आज समाज सेवा के क्षेत्र में परमालिया ने जितना काम किया है, वह कई लोग कई जन्म लेकर भी नहीं कर पाते हैं। आज मदन के नागरिक अभिनंदन समारोह में जो समाज की गंगा अवतरित हुई है, उसमें नर्मदा और शिप्रा के जल से मैं भी परमालिया का अभिषेक करने आया हूं। लोग आज प्रसिद्धि पाने के लिए लोग काफी कुछ करते हैं। विज्ञापन देते हैं। पोस्टर बनवाए जाते हैं। पैसा खर्च करते हैं फिर भी लोगों के दिलों में जगह नहीं बना पाते हैं लेकिन मदन परमालिया ने समाज सेवा के क्षेत्र में जो कुछ किया है, उसका ऋण चुकाने के लिए इतनी बड़ी संख्या में यहां स्नेहीजन आये हैं। वंचित वर्ग की सेवा तो अनेक लोग कर रहे हैं लेकिन मदन भाई जैसा जज्बा और समय दान करने वाले व्यक्तित्व दुर्लभ हैं। पैसा दान करने वाले तो अनेक लोग हैं लेकिन समय दान करने वाले लोग बिरले ही हैं उनमें मदन परमालिया का नाम सबसे पहले है।
यह बात राष्ट्रीय कवि सत्यनारायण सत्तन ने कही। वे श्री गीता रामेश्वरम ट्रस्ट द्वारा आयोजित आत्मीयता से भरपूर समाजसेवी मदन परमालिया के नागरिक अभिनंदन समारोह में अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। समारोह में पद्मश्री भैरव सिंह चौहान, पद्मश्री जगदीश जोशीला, लेफ्टिनेंट कर्नल सुरेन्द्र सिंह कारगिल,  चिंतामण परसाई, इंटक अध्यक्ष श्याम सुंदर यादव, कांग्रेस नेत्री अर्चना जायसवाल, ईश्वर झामनानी , प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक कर्दम, उपाध्यक्ष प्रदीप जोशी अतिथि के रूप में उपस्थित थे। पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि मदन भाई ने समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में समर्पण और श्रद्धा से जो कार्य किया है, वह बेमिसाल है। इतनी बड़ी संख्या में स्नेहीजनों का एकत्रित होना उनके कार्यों की महत्ता को दर्शा रहा है। उनके सेवा कार्यों का ये रथ निरंतर चलता रहे, यही शुभ भाव व्यक्त करता हूं। वे इस पथ पर अकेले चले थे लेकिन कारवां बनता गया। 
ट्रस्ट के विनोद सत्यनारायण पटेल ने बताया कि समारोह विद्यासागर स्कूल ऑडिटोरियम में हुआ। इसमें अतिथियों ने शॉल, श्री फल, अभिनंदन पत्र भेंट कर उनके सेवा और समर्पण पर बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की। शहर की अनेक समाजसेवी संस्थाओं और स्नेहीजनों द्वारा भी  समाज सेवी परमालिया का  अभिनंदन किया गया। समारोह का शुभारंभ गायत्री परिवार के  दीप यज्ञ से हुआ। इसमें मध्यप्रदेश के प्रथम सेक्सोफोन स्टार बैंड द्वारा मनीषा यादव के नेतृत्व में सेक्सोफोन पर मधुर गीतों की प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। आभार कलोता समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष राधे श्याम पटेल ने माना। 

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper