संवेदनशील पहल कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता आवेदकों के बीच पहुंचे, खड़े होकर सुनीं समस्याएं

  • Share on :

धर्मेन्द्र गुप्ता की रिपोर्ट
विदिशा। जिले के नागरिकों की जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने आज जिला मुख्यालय विदिशा में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में स्वयं आवेदकों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने अधिकारियों की निर्धारित बैठक व्यवस्था तक सीमित न रहकर सीधे आवेदकों के बीच जाकर एक-एक आवेदनकर्ता से संवाद किया। उन्होंने प्रत्येक समस्या को ध्यानपूर्वक सुना तथा कई मामलों में मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को तलब कर आवश्यक निर्देश दिए, ताकि समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सुरभि तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी आवेदकों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से सुना।  कलेक्टर की इस संवेदनशील एवं जनहितैषी पहल से जनसुनवाई में पहुंचे नागरिकों ने सहजता और विश्वास के साथ अपनी बात रखी। प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया गया कि जनसुनवाई में आने वाले किसी भी आवेदक को असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके लिए पंजीयन एवं पावती व्यवस्था के साथ-साथ जनसुनवाई कक्ष में पर्याप्त बैठने की व्यवस्था की गई। आवेदकों की सुविधा हेतु शुद्ध पेयजल की उपलब्धता भी बैठक स्थल पर सुनिश्चित की गई। आयोजित जनसुनवाई में 180 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 97 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। शेष आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित विभागों द्वारा समय-सीमा में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलता, प्राथमिकता एवं गंभीरता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित करें ताकि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके और शासन-प्रशासन के प्रति नागरिकों का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।जनसुनवाई में बुजुर्गों को मिली राहत जिला मुख्यालय पर आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए बुजुर्ग आवेदिकाओं की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित कराया। जनसुनवाई में पहुंची वृद्ध महिलाओं की पीड़ा को गंभीरता से सुनते हुए कलेक्टर ने मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए, जिसके सकारात्मक परिणाम भी तत्काल सामने आए। जनसुनवाई में सिरोंज नगर के वार्ड क्रमांक-17 निवासी सावित्री बाई सोनी फौती नामांतरण नहीं हो पाने की समस्या लेकर पहुंची थीं। उन्होंने बताया कि कई वर्षों से लगातार प्रयासों के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका है। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सिरोंज नगर पालिका के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ)** से चर्चा की और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देशों के बाद फौती नामांतरण की प्रक्रिया प्रारंभ कराते हुए आवेदिका की समस्या के समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाए गए।  इसी प्रकार ग्राम घटवार निवासी बुजुर्ग आवेदिका श्रीमती कुसुमबाई ने अपनी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत जनसुनवाई में प्रस्तुत की। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित तहसीलदार को तत्काल निर्देश दिए कि मौके पर जांच कर कब्जा हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आवेदिका को न्याय दिलाने के लिए आवश्यक सभी वैधानिक कार्रवाई समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाए।जनसुनवाई में विभिन्न समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई जिला मुख्यालय पर आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में जनसुनवाई में सिरोंज तहसील के ग्राम घटवार निवासी श्री मुन्नीलाल सिंह ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के अंतर्गत पात्र होने के बावजूद राशि प्राप्त नहीं होने की समस्या बताई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि तकनीकी अथवा दस्तावेज संबंधी बाधाओं की तत्काल जांच कर कारणों का निराकरण किया जाए, जिससे आवेदक को आगामी किस्तों का लाभ समय पर प्राप्त हो सके।  इसी प्रकार ग्राम बामोरा निवासी श्री हेमराज मीणा ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के अंतर्गत डेयरी इकाई हेतु ऋण स्वीकृत नहीं होने की शिकायत प्रस्तुत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने पात्रता अनुसार ऋण उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित कराई तथा संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित करते हुए आवेदक को आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कराने के लिए एसबीआई बैंक भेजा गया।जनसुनवाई के दौरान ग्राम पारधा के श्री धीरज सिंह ने निवासरत भूमि का पट्टा प्रदान किए जाने का आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं ग्राम ओसन्हाई के ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर स्थित क्षतिग्रस्त पुलिया के पुनर्निर्माण की मांग रखी। ग्राम पंचायत हैदरगढ़ के ग्रामीणों ने शासकीय हैंडपंप पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए आवेदन दिया।  शहरी क्षेत्र से प्राप्त आवेदनों में सांवरिया कॉलोनी निवासी श्री कल्याण सिंह ने बंद नल कनेक्शन को पुनः चालू कर पेयजल व्यवस्था सुचारु कराने का अनुरोध किया। ग्राम सुनारी के श्री रमेश कुशवाहा ने स्थायी सिंचाई विद्युत कनेक्शन की लाइन नियमित रूप से संचालित कराने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। इसके अतिरिक्त विट्ठल नगर कॉलोनी के रहवासियों ने क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने एवं मूलभूत सुविधाओं के विकास की मांग करते हुए आवेदन दिया। लोहांगी मोहल्ला निवासी श्री आयुष चौधरी ने अपने पिता के निधन के उपरांत तुलावट लाइसेंस प्रदान किए जाने का आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं ग्राम हिनोतिया के श्री मिश्रीलाल मालवीय ने भूमि पर अवैध कब्जा एवं मारपीट संबंधी शिकायत दर्ज कराई।
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा कहा कि प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों पर सतत निगरानी रखी जाए और आवेदकों को निर्धारित समयावधि में राहत प्रदान की जाए, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।
 इस दौरान जनसुनवाई में विदिशा एसडीएम श्री मनीष जैन संयुक्त कलेक्टर द्वय सुश्री निकिता तिवारी, श्रीमती दीपा श्री गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आवेदकों की समस्या सुनीं।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper