करैरा सिटी सेंटर में 15 जुलाई से सजेगा भव्य मीना बाजार, बच्चों के लिए 'जलपरी' सहित कई नए आकर्षण
शिवपुरी जिला ब्यूरो चीफ हेमंत भार्गव
करैरा नगर परिषद के सिटी सेंटर में आगामी 15 जुलाई 2026 से भव्य मीना बाजार का शुभारंभ होने जा रहा है। लगभग एक माह तक चलने वाले इस मनोरंजन मेले में बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी के लिए आकर्षण और खरीदारी की विशेष व्यवस्था की गई है।
मीना बाजार के संचालक ने बताया कि इस बार मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए छोटे-बड़े झूले, मिनी रेल, जल मछली, पहली बार शामिल किया गया 'जलपरी' आकर्षण सहित कई नए मनोरंजन साधन उपलब्ध रहेंगे। उनका दावा है कि ये नए आकर्षण बच्चों के साथ-साथ पूरे परिवार को भी खूब पसंद आएंगे और मेले की रौनक बढ़ाएंगे।
मेले में मनोरंजन के अलावा घर-गृहस्थी एवं दैनिक उपयोग की अनेक वस्तुओं की दुकानें भी सजाई जाएंगी। रसोई, घरेलू उपयोग, सजावटी सामग्री, खिलौने तथा रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी वस्तुएं विभिन्न स्टॉलों पर उपलब्ध रहेंगी, जिससे लोग एक ही स्थान पर मनोरंजन के साथ खरीदारी का भी आनंद ले सकेंगे।
संचालक ने बताया कि करैरा में पूर्व में भी इस प्रकार के मेले का सफल आयोजन किया जा चुका है। नगरवासियों के उत्साह और मांग को देखते हुए इस वर्ष पुनः मीना बाजार का आयोजन किया जा रहा है। मेले का संचालन प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक किया जाएगा।
मेला संचालकों ने करैरा नगर एवं आसपास के क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे अपने परिवार सहित मीना बाजार में पहुंचकर आकर्षक झूलों, मनोरंजन के साधनों का आनंद लें तथा घर-गृहस्थी की आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी का लाभ उठाएं।

