सुप्रीम कोर्ट का अहम फैसला: अविवाहित माता-पिता के बच्चे की कस्टडी पर मां का दावा ज्यादा मजबूत

  • Share on :

नई दिल्ली। बिना शादी बच्चे को जन्म देने वालों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने अहम टिप्पणी की है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि अविवाहित माता-पिता से जन्में बच्चे की कस्टडी (संरक्षण) के लिए मां का दावा पहली नजर में अधिक मजबूत होता है। सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहा है कि न भारतीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय कानूनों में भी अविवाहित माता-पिता की संतान की कस्टडी के लिए मां के अधिकार को ही प्राथमिकता दी गई है। सुप्रीम कोर्ट ने यूके के कानून का भी उदाहरण दिया।
बेंच ने चार साल के बच्चे को उसकी जर्मन मां को सौंपते हुए यह टिप्पणी की है। मां अपने बेटे को सिंगापुर ले जाना चाहती थी, जहां वह काम करती है। जबकि बच्चे के भारतीय पिता ने महिला की मांग का विरोध करते हुए कहा कि बच्चे को देश से बाहर नहीं जाने दिया जाए। शीर्ष अदालत ने फैसले में कहा कि ‘अविवाहित माता-पिता से जन्म लेने वाले संतान की कस्टडी के लिए मां का दावा प्रथम दृष्टया अधिक मजबूत होता है।’ हालांकि अदालत ने फैसले में यह स्पष्ट किया कि यह फैसला केवल अंतरिम कस्टडी के लिए मां के प्रथम दृष्टया दावे तक सीमित है। इसका प्रभाव परिवार न्यायालय में चल रही गार्जियनशिप (संरक्षकता) की कार्यवाही पर नहीं पड़ेगा।
सुप्रीम कोर्ट ने अंतरिम राहत के लिए ट्रिपल टेस्ट यानी तीन शर्तों के आधार पर कस्टडी के दावों की जांच की, जिसमें प्रथम दृष्टया मामला, सुविधा का संतुलन और अपूरणीय क्षति। पीठ ने 81 पन्नों के अपने फैसले में पहली शर्त पर विचार करते हुए ‘एबीसी बनाम एनसीटी ऑफ दिल्ली’ के मामले में 2015 में पारित फैसले का उल्लेख किया।
सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में यूनाइटेड किंगडम के चिल्ड्रन एक्ट, 1989 का भी उल्लेख किया, जिसके अनुसार अविवाहित माता-पिता से पैदा हुए बच्चे की जिम्मेदारी मुख्य रूप से मां की होती है, जबकि पिता को यह जिम्मेदारी कुछ कानूनी शर्तों के पूरा होने पर ही मिल सकती है। फैसले में यह भी बताया गया कि भारतीय उत्ताराधिकार अधिनियम, 1925 की धारा 8 के तहत, विवाह के बाहर पैदा हुए बच्चे का मूल निवास (डोमिसाइल) उसकी मां के मूल निवास के आधार पर ही तय होता है। सुप्रीम कोर्ट ने कानूनी सिद्धांतों के इस व्यापक नजरिए को मानते हुए कहा कि अविवाहित माता-पिता से पैदा हुए बच्चे की कस्टडी (संरक्षण) के मामले में मां को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper