पंचायत क्षेत्र में पेड़ों की छंटाई के नाम पर बड़े पैमाने पर पेड़ों को किया जा रहा है, नेस्तनाबूद
मनमानीपूर्ण कार्रवाई से स्थानीय ग्रामीणों और पर्यावरण प्रेमियों में भारी रोष
महेन्द्र मालवीय रणजीत टाईम्स
बुरहानपुर जिले की नेपानगर तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत सीतापुर में प्रशासनिक नियमों और पर्यावरण संरक्षण के प्रावधानों को ताक पर रखकर हरे-भरे पेड़ों की अवैध कटाई का गंभीर मामला सामने आया है। पंचायत क्षेत्र में पेड़ों की छंटाई के नाम पर बड़े पैमाने पर पेड़ों को नेस्तनाबूद किया जा रहा है, और हद तो तब हो गई जब स्कूल परिसर के भीतर खड़े हरे-भरे पेड़ों पर भी आरी चला दी गई। इस मनमानीपूर्ण कार्रवाई से स्थानीय ग्रामीणों और पर्यावरण प्रेमियों में भारी रोष व्याप्त है।
सचिव को ही नहीं है कोई जानकारी
इस पूरे मामले की सबसे बड़ी लापरवाही यह है कि ग्राम पंचायत के सचिव को पेड़ों की इस कटाई के संबंध में कोई भनक तक नहीं है। जब इस विषय पर ग्राम पंचायत सचिव से बात की गई, तो उन्होंने अनभिज्ञता जताते हुए कहा, "मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। मैं सरपंच साहब से बात करके बताता हूँ। बाउंड्रीवॉल बनाने का विषय जरूर चल रहा था, लेकिन पेड़ काटे गए हैं, इसकी मुझे कोई जानकारी नहीं है।" एक जिम्मेदार अधिकारी को पंचायत क्षेत्र में चल रही इस प्रकार की गतिविधियों की जानकारी न होना प्रशासनिक व्यवस्था पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा करता है।
क्या कहती है पेड़ों की कटाई की वैधानिक प्रक्रिया ?
नियमानुसार, यदि ग्राम पंचायत क्षेत्र में विकास कार्य या अन्य किसी कारणवश वृक्षों की कटाई की जानी है, तो उसके लिए एक सख्त प्रशासनिक और ऑनलाइन प्रक्रिया का पालन करना अनिवार्य होता है:
पंचायत दर्पण पोर्टल पर आधिकारिक लॉगिन किया जाता है।पोर्टल पर संबंधित खसरा नंबर और वृक्षों की सटीक संख्या दर्ज की जाती है।
निर्धारित आवेदन शुल्क ऑनलाइन जमा किया जाता है। इसके बाद राजस्व विभाग के पटवारी द्वारा मौके का स्थलीय निरीक्षण किया जाता है।
अंत में ग्राम पंचायत का अंतिम आदेश और ट्रांजिट परमिट जारी होने के बाद ही नियमानुसार वैधानिक प्रक्रिया पूरी होती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सीतापुर में इन तमाम कानूनी प्रावधानों और ऑनलाइन अनुमति की प्रक्रिया को दरकिनार कर पूरी तरह से मनमाने तरीके से पेड़ों की बलि दी जा रही है।
एसडीएम ने दिए जांच के निर्देश
हरे-भरे पेड़ों की कटाई और नियमों के उल्लंघन का यह मामला जब नेपानगर एसडीएम के संज्ञान में लाया गया, तो उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में आ गया है और इस पर त्वरित जांच की जाएगी।
ग्रामीणों और पर्यावरण प्रेमियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस अवैध कटाई की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, स्कूल परिसर और पंचायत क्षेत्र में पेड़ों को नुकसान पहुंचाने वाले दोषियों व सरपंच की इस मनमानी पर कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाए।

