खजराना के शासकीय उर्दू विद्यालय के जीर्णोद्धार का शुभारंभ
पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
1.50 करोड़ की लागत से होगा विकास कार्य, करीब 600 विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
इंदौर। खजराना क्षेत्र स्थित शासकीय उर्दू विद्यालय के जीर्णोद्धार एवं विकास कार्य का कार्यक्रम मंगलवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में पीठाधीश्वर एवं राष्ट्रीय संत एक तू ही जयगुरुदेव सद्गुरु स्वामी श्री अरुणानंद जी महाराज साहेब उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंदौर महापौर पुष्पमित्र भार्गव एवं विधायक महेंद्र हार्डिया रहे। कार्यक्रम का आयोजन पार्षद रूबीना इकबाल खान द्वारा किया गया।
विद्यालय के जीर्णोद्धार एवं अन्य आवश्यक निर्माण कार्यों पर लगभग 1.50 करोड़ रुपये की लागत आने की जानकारी दी गई। विकास कार्यों के अंतर्गत विद्यालय में अतिरिक्त कक्षाओं सहित अन्य सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। विद्यालय में वर्तमान में लगभग 600 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जिनमें हिंदी भाषा से पढ़ने वाले बच्चे भी शामिल हैं।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति का सबसे मजबूत आधार है। खजराना मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र होने के बावजूद विद्यालय में विभिन्न समुदायों के बच्चे शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होने से क्षेत्र के हिंदू-मुस्लिम सभी वर्गों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और वे शिक्षा के माध्यम से अपने परिवार, समाज एवं देश का नाम रोशन कर सकेंगे।
विशेष अतिथि संत स्वामी श्री अरुणानंद जी महाराज साहेब ने बच्चों को शिक्षा के महत्व का संदेश देते हुए कहा कि वर्तमान समय में बच्चों को अच्छी शिक्षा और सही संस्कार देना बेहद जरूरी है। शिक्षा बच्चों को गलत रास्ते पर जाने से बचाने के साथ ही उन्हें अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सूफी याहया बाबा, बालयोगी मौनी महंत श्री यशवर्धन महाराज साहेब, एक तू ही गुरुद्वार जयगुरुदेव की सचिव मां साध्वी श्री अनंता देवी सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सविता निखार जी का भी कार्यक्रम के आयोजन एवं विद्यालय के विकास में विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर एक तू ही जयगुरुदेव की ओर से महापौर पुष्पमित्र भार्गव, विधायक महेंद्र हार्डिया, पूर्व पार्षद इकबाल खान एवं विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सविता निखार को आशीर्वाद स्वरूप कलम-पेन एवं डायरी भेंट की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी वक्ताओं ने बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने, विद्यालय में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और विद्यार्थियों को सकारात्मक दिशा देने पर जोर दिया। उपस्थित अतिथियों ने विद्यालय के विकास कार्यों को क्षेत्र के बच्चों के बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

