IND vs WI 5th T20: एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में मैच पर बारिश का साया, 90% तक है बारिश की आशंका
बंगलूरू। भारत और वेस्टइंडीज के बीच जारी टी20 सीरीज का निर्णायक मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ सकता है। दोनों टीमों के बीच पांचवां और अंतिम टी20 मैच शनिवार को बंगलूरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना है, लेकिन मौसम का पूर्वानुमान फैंस की चिंता बढ़ा रहा है। शुक्रवार को भी बंगलूरू में तेज बारिश हुई और जलभराव की आशंका सामने आई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
एक्यूवेदर के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार को बंगलूरू में बारिश की संभावना 90 प्रतिशत तक है। घंटे के हिसाब से मौसम का अनुमान बताता है कि दोपहर बाद बारिश की आशंका बढ़ सकती है। दोपहर 12 बजे बारिश की संभावना 11 प्रतिशत है, जो अगले दो घंटों में बढ़कर 34 प्रतिशत हो जाती है। दोपहर तीन बजे यह संभावना 40 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान है। इसके बाद शाम चार बजे 68 प्रतिशत और शाम पांच बजे 71 प्रतिशत बारिश की आशंका जताई गई है।
मैच शुरू होने से एक घंटे पहले शाम छह बजे बारिश की संभावना 49 प्रतिशत रहने का अनुमान है। शाम सात बजे यह बढ़कर 64 प्रतिशत हो सकती है। इसके बाद रात आठ और नौ बजे 49 प्रतिशत, रात 10 बजे 56 प्रतिशत और रात 11 बजे 49 प्रतिशत बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि, ये संभावनाएं मौसम का पूर्वानुमान हैं। वास्तविक परिस्थितियां मैच के दौरान बदल सकती हैं।
साभार अमर उजाला

