नर्मदे हर मित्र मंडल ने 13 वर्षों से जारी रखी सेवा परंपरा, नौ दिवसीय महाप्रसादी का आयोजन
मां नर्मदा की प्रतिकृति स्थापित कर की पूजा-अर्चना, श्रद्धालुओं को महाप्रसादी और जल वितरण के साथ दिया जल संरक्षण का संदेश
राजेश धाकड़
इंदौर। शारदीय नवरात्रि पर्व के अवसर पर संस्था नर्मदे हर मित्र मंडल द्वारा विगत 13 वर्षों से निरंतर नौ दिवसीय महाप्रसादी वितरण एवं सेवा कार्य का आयोजन किया जा रहा है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी बाबू मुराई कॉलोनी चौराहे पर, पुराने एयरपोर्ट गेट के सामने, भव्य पंडाल का निर्माण कर मां नर्मदा की प्रतिकृति स्थापित की गई। यहां विधि-विधान से पूजन-अर्चना के साथ नौ दिनों तक श्रद्धालुओं को महाप्रसादी एवं जल वितरण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मां करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह गौतम तथा विशेष अतिथि के रूप में मां करणी सेना के बाला ठाकुर उपस्थित रहे।
मां नर्मदा के महत्व और जल संरक्षण का संदेश
नर्मदे हर मित्र मंडल द्वारा आयोजित इस नौ दिवसीय कार्यक्रम का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से आमजन को मां नर्मदा के महत्व और जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी है। मां नर्मदा मध्य प्रदेश की जीवनरेखा मानी जाती हैं और प्रदेश की जल आवश्यकताओं में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
आयोजन के माध्यम से नागरिकों को संदेश दिया गया कि जल ही जीवन है। इसलिए पानी की प्रत्येक बूंद का महत्व समझते हुए जल संचय को बढ़ावा देना चाहिए। साथ ही नदियों को प्रदूषण से बचाने, उनके संरक्षण और प्राकृतिक जल स्रोतों की सुरक्षा के लिए भी सभी को आगे आना चाहिए।
जनसहयोग या चंदा लिए बिना होता है आयोजन
संस्था की इस पहल की विशेष बात यह है कि नौ दिवसीय आयोजन के लिए आम जनता से किसी प्रकार का चंदा या आर्थिक सहयोग नहीं लिया जाता। कार्यक्रम का पूरा खर्च मित्र मंडल के सदस्यों और उनके परिचितों द्वारा आपसी सहयोग से एकत्रित राशि के माध्यम से वहन किया जाता है। सदस्यों का कहना है कि धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सरोकारों को जोड़ते हुए सेवा कार्य करना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।
मित्र मंडल के सदस्यों का रहा सहयोग
नौ दिवसीय आयोजन को सफल बनाने में आकाश बांदल, अंकुश चौहान, सचिन ठाकुर, बड़े भैया, दीपक सोनी, मयंक अग्निहोत्री, गोलू ठाकुर, निलेश त्रिवेदी, सण्टु सेंगर, हेमंत सोनी, राघवेंद्र चौहान, राजेश देवासी, चेतन गोस्वामी, रोहित त्रिवेदी, मोंटी कराडिया, राहुल यादव, अतुल शर्मा, नौशाद शेख, राजा परमार, शैलेन्द्र ठाकुर, आनंद कदम, हिमांशु राव, हितू ठाकुर, निशांत राव, छोटू जाट, बंटी यादव, शैलेंद्र त्रिपाठी, कान्हा खटिक, अंकित सुसलादे, बंटी ठाकुर, शुभम यादव (टीका), शुभम यादव, करण गुजराती, सावन कदम, रोहित खत्री, नितिन यादव, राकेश गोस्वामी, जयंत राजपूत, दर्शन सोनी, ऋतिक पावर और अरबाज लाला सहित मित्र मंडल के सदस्यों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
संस्था नर्मदे हर मित्र मंडल का यह आयोजन धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और जनसेवा के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाली एक सराहनीय पहल है। मंडल का प्रयास है कि मां नर्मदा के प्रति श्रद्धा के साथ ही प्रत्येक नागरिक में जल संरक्षण और नदियों के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत हो।

