दुनिया के सबसे ताकतवर पासपोर्ट्स में 80वें स्थान पर भारत, नीचे से चौथे नंबर पर पाकिस्तान

  • Share on :

नई दिल्ली। दुनिया के सबसे ताकतवर पासपोर्ट वाले देशों की ताजा सूची जारी हो चुकी है। इस सूची में भारत 80वें स्थान पर है। वहीं, शीर्ष पायदान पर एक नहीं बल्कि 6 देश काबिज हैं। ये देश 194 स्थानों पर अपने नागरिकों को वीजा फ्री एंट्री की ताकत रखते हैं। खास बात है कि लिस्ट में भारत का पड़ोसी पाकिस्तान शीर्ष 100 देशों में भी शामिल नहीं है।
लिस्ट में भारत को 80वें स्थान पर रखा गया है। नागरिक 62 देशों में बगैर वीजा के यात्रा कर सकते हैं। साल 2023 में भारत इस लिस्ट में 83वें स्थान पर था। लिस्ट में भारत के साथ 80वें स्थान पर उज्बेकिस्तान का नाम भी शामिल है। भारत के एक और पड़ोसी चीन को 62वीं रैंकिंग मिली है और उसके साथ पपुआ न्यू गिनी भी इसी पायदान पर है। 104 देशों की सूची में अंतिम स्थान पर अफगानिस्तान है।
हेनले पासपोर्ट इंडेक्स की 2024 की रैंकिंग के अनुसार, पहले पायदान पर फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, सिंगापुर और स्पेन हैं। वहीं, दूसरे स्थान पर फिनलैंड, दक्षिण कोरिया और स्वीडन हैं। इन तीन देशों के पासपोर्टधारकों को 193 स्थानों पर वीजा फ्री एंट्री मिलती है। तीसरे स्थान पर ऑस्ट्रिया, डेनमार्क, आयरलैंड और नीदरलैंड्स हैं।
चौथा स्थान पांच देश मिलकर साझा कर रहे हैं। इनमें बेल्जियम, लक्समबर्ग, नॉर्वे, पुर्तगाल और ब्रिटेन का नाम शामिल है। जबकि, पांचवे स्थान में ग्रीस, माल्टा और  स्विट्जरलैंड हैं।
ताकतवर पासपोर्ट्स के लिहाज से 2024 यूरोपीय देशों के लिए खुशखबरी लेकर आया है। कहा जाता है कि सूची में पहले स्थान के लिए जापान और सिंगापुर के बीच जंग छिड़ी रहती है, लेकिन इस बार कई यूरोपीय देशों ने छलांग लगाने में सफलता हासिल की है। पहले स्थान पर दो एशियाई देशों के साथ चार यूरोपीय देश शामिल हैं।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper