भारत के चुनाव आयुक्त के सवाल से ट्रंप को मिला मुद्दा, अमेरिका में फोटो आईडी अनिवार्य करने की उठाई मांग
नई दिल्ली. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का हवाला देते हुए अमेरिका में हर वोटर के लिए फोटो पहचान पत्र अनिवार्य करने की मांग की है. ट्रंप ने कहा कि ज्ञानेश कुमार ने उनके प्रशासन से पूछा था कि अमेरिका में बिना वैध फोटो आईडी के चुनाव कैसे कराए जा सकते हैं. उन्होंने इस बयान का इस्तेमाल SAVE अमेरिका एक्ट को पास कराने के लिए समर्थन जुटाने के मकसद से किया है.
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखी पोस्ट में कहा कि हाल के भारतीय आम चुनाव में एक प्रतिशत से भी कम वोटरों ने पोस्टल बैलेट का इस्तेमाल किया था. उन्होंने बताया कि भारत में हर वोटर के पास वैध फोटो पहचान दस्तावेज था.
ट्रंप ने लिखा कि इसी महीने की शुरुआत में भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने उनके प्रशासन से यह सवाल पूछा था कि अमेरिका में बिना वैध फोटो आईडी के चुनाव कैसे हो सकते हैं. उन्होंने आगे लिखा कि भारत के पिछले चुनाव में 64 करोड़ 60 लाख वोटरों ने हिस्सा लिया था और इनमें से एक प्रतिशत से भी कम लोगों ने डाक के जरिए वोट डाला था. उनके मुताबिक हर वोटर के पास वैध फोटो पहचान दस्तावेज होना जरूरी था.
साभार आज तक

