मध्य प्रदेश से भारतीय रेलवे को 170 मेगावाट सोलर ऊर्जा मिलेगी

  • Share on :

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से सौजन्य भेंट की, जिसमें दोनों नेताओं के बीच सोलर ऊर्जा की आपूर्ति पर विस्तृत चर्चा हुई। इस बैठक में तय हुआ कि भारतीय रेलवे को मध्य प्रदेश से 170 मेगावाट सोलर ऊर्जा प्राप्त होगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया पर बताया कि भारतीय रेलवे, मध्य प्रदेश से 170 मेगावाट सोलर ऊर्जा प्राप्त करेगा। उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ सोलर ऊर्जा की आवश्यकताओं पर गहन चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर कहा कि मध्य प्रदेश सरकार सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में रेल मंत्री का मार्गदर्शन और भारतीय रेल की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए मध्य प्रदेश में उत्पन्न सौर ऊर्जा का उपयोग राज्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। मध्य प्रदेश सरकार का यह कदम सौर ऊर्जा के क्षेत्र में राज्य की महत्वपूर्ण भूमिका को और सशक्त बनाएगा, और भारतीय रेलवे के ऊर्जा संसाधनों को स्थायी रूप से मजबूत करेगा।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper