मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ 'जनता का महाभियोग' लाएगा इंडी गठबंधन, 30 अक्टूबर को मॉक पार्लियामेंट
नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी रैली से पहले इंडिया गठबंधन ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 'जनता का महाभियोग' चलाने का ऐलान कर दिया है। 30 अक्टूबर को विपक्ष मॉक पार्लियामेंट का आयोजन करेगा। कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा है कि इंडिया गठबंधन के नेता एकसाथ आकर जनता का फैसला सुनाएंगे और सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करेंगे।
विपक्ष का आरोप है कि एसआईआर की प्रक्रिया में गड़बड़ियों की वजह से देश में बड़ी संख्या में लोगों का नाम वोटर लिस्ट से काट दिया गया है। इसके अलावा इससे चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास किया गया है। इसी को लेकर कांग्रेस समेत विपक्षी दल सीईसी के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। 12 अक्टूबर को कांग्रेस कि अगुआई में विपक्ष ने दिल्ली में मार्च किया था। अब 1 नवंबर को रामलीला मैदान में बड़ा जुटान होने जा रहा है।
सूत्रों का कहना है कि यह आयोजन दिल्ली के अशोक होटल में हो सकता है। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि 'वोट चोरी' के खिलाफ विपक्षी दलों का गठबंधन 'इंडिया' 30 अक्टूबर को एक 'पब्लिक इम्पीचमेंट' (जन महाभियोग) आयोजित करेगा, जिसके तहत मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर जनता का फैसला सामने रखा जाएगा।
वेणुगोपाल ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि संविधान को बचाने और 'वोट चोरों' को हराने के प्रयास के तहत यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा, ''तीस अक्टूबर को होने वाले इस महत्वपूर्ण जन महाभियोग में वोट चोर सीईसी ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए जनता का फैसला जोरदार तरीके से सामने रखा जाएगा।''
साभार लाइव हिन्दुस्तान

