इंदौर में झोलाछाप डॉक्टरों पर कार्रवाई जारी, छोटी कुम्हार खाड़ी में सुमित क्लीनिक सील
रणजीत टाइम्स की खास रिपोर्ट
पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। शहर में बिना आवश्यक चिकित्सकीय योग्यता एवं दस्तावेजों के चिकित्सा सेवाएं संचालित किए जाने की शिकायतों पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में इंदौर के बाणगंगा क्षेत्र स्थित छोटी कुम्हार खाड़ी में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए सुमित क्लीनिक को सील किया।
जानकारी के मुताबिक, स्वास्थ्य विभाग को शिकायत मिली थी कि डॉ. सुमित मंडल द्वारा क्लीनिक का संचालन किया जा रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हसानी के संज्ञान में मामला लाया गया, जिसके बाद विभाग द्वारा विशेष टीम गठित की गई।
टीम जब मौके पर पहुंची तो, विभाग के अनुसार, क्लीनिक में मरीजों का उपचार किया जा रहा था और कुछ मरीजों को ड्रिप लगाए जाने की स्थिति सामने आई। टीम ने क्लीनिक संचालक की चिकित्सकीय डिग्री, पंजीयन एवं आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित जानकारी मांगी।

कार्रवाई के दौरान क्लीनिक संचालक मौके पर मौजूद नहीं मिला और विभागीय जानकारी के अनुसार वह मौके से फरार हो गया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लीनिक को सील कर दिया।
फिलहाल स्वास्थ्य विभाग द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि क्लीनिक में चिकित्सा सेवाएं किसकी अनुमति और किन नियमों के तहत संचालित की जा रही थीं तथा संबंधित व्यक्ति के पास चिकित्सा सेवाएं देने के लिए आवश्यक योग्यता एवं दस्तावेज मौजूद थे या नहीं।
रणजीत टाइम्स की कार्यवाही — हम दिखाएंगे वही, जो जांच और कार्रवाई में सामने आएगा।


