इंदौर में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का बड़ा प्रहार

  • Share on :

दो दिन में दो बड़ी कार्रवाई, 1,000 से अधिक पेटियां जब्त — करीब 1 करोड़ रुपये से ज्यादा की शराब बरामद
CM डॉ. मोहन यादव की जीरो टॉलरेंस नीति का असर, आबकारी विभाग की लगातार कार्रवाई से अंतरराज्यीय शराब तस्करी नेटवर्क में हड़कंप
इंदौर में अवैध शराब के विरुद्ध आबकारी विभाग ने लगातार दो दिनों में दो बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1,000 पेटियां अवैध शराब जब्त की हैं। दोनों कार्रवाइयों में बरामद शराब की अनुमानित कीमत 1 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
आबकारी आयुक्त श्री दीपक सक्सेना के अवैध शराब के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देशों के पालन में, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशानुसार एवं सहायक आयुक्त आबकारी श्री अभिषेक तिवारी के निर्देशन में इंदौर आबकारी विभाग द्वारा दोनों कार्रवाई की गईं।
कार्रवाई में कंट्रोलर श्री कमलेश सोलंकी, डिप्टी कंट्रोलर श्री मनोज अग्रवाल एवं एडीईओ श्रीमती निधि शर्मा सहित आबकारी विभाग की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बायपास पर 55 लाख की शराब से भरा कंटेनर पकड़ा
आबकारी विभाग की टीम ने बायपास क्षेत्र में एक संदिग्ध कंटेनर की जांच की। जांच के दौरान कंटेनर से हरियाणा/पंजाब निर्मित शराब की 500 से अधिक पेटियां बरामद की गईं।
बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 55 लाख रुपये बताई गई है। शराब को जब्त कर कंटेनर को अभिरक्षा में लिया गया तथा मामले में वाहन चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
देव नगर में 500 पेटी शराब की दूसरी बड़ी खेप बरामद

दूसरी कार्रवाई में आबकारी टीम को देव नगर क्षेत्र में पंचमुखी हनुमान मंदिर से RTO की ओर जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध वाहन दिखाई दिया। संदेह के आधार पर एम बूस्टर प्लस आयशर वाहन क्रमांक MP 09 GH 2370 की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान वाहन से PARIIS ROSE PREMIUM WHISKEY, 180 ML धारिता के पाव की करीब 500 पेटियां बरामद हुईं। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई जा रही है।

दो बड़ी खेप के बाद तस्करी नेटवर्क पर शिकंजा, जांच तेज

लगातार दो दिनों में अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़े जाने के बाद अंतरराज्यीय शराब तस्करी नेटवर्क के पर्दाफाश होने की संभावना जताई जा रही है।

आबकारी विभाग द्वारा शराब के स्रोत, गंतव्य तथा अवैध परिवहन में शामिल व्यक्तियों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है।

दोनों मामलों में शराब जब्ती की कार्रवाई के साथ प्रकरण दर्ज कर अग्रिम जांच एवं कार्रवाई जारी है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper