इंदौर में आबकारी विभाग की कार्रवाई, स्कूटी से 20.7 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त
भूतेश्वर मंदिर के पास पंचकुईया रोड पर कार्रवाई, 19 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार; शराब और वाहन की कीमत ₹1.03 लाख से अधिक
पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। अवैध मदिरा के परिवहन एवं बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग इंदौर द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 12 सितंबर 2026 को वृत्त राजमोहल्ला क्षेत्र में आबकारी टीम ने कार्रवाई करते हुए एक स्कूटी से बड़ी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद की।
कलेक्टर इंदौर श्री शिवम वर्मा के आदेश, सहायक आयुक्त आबकारी श्री अभिषेक तिवारी के निर्देशन तथा कंट्रोलर श्री कमलेश सोलंकी और डिप्टी कंट्रोलर एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी वृत्त राजमोहल्ला श्री मनोज अग्रवाल के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
स्कूटी की तलाशी में मिली शराब
आबकारी उपनिरीक्षक मीना माल एवं टीम द्वारा भूतेश्वर मंदिर के पास पंचकुईया रोड क्षेत्र में गश्त के दौरान संदेह के आधार पर एक दोपहिया वाहन क्रमांक MP09AK7247 को रोका गया।
वाहन की तलाशी लेने पर स्कूटी के आगे रखे कपड़े के झोले से 55 पाव देशी मदिरा तथा स्कूटी की डिक्की से 60 पाव प्लेन देशी मदिरा बरामद हुई। कुल 20.7 बल्क लीटर अवैध मदिरा जब्त की गई।
मौके से विनय पिता सीताराम, उम्र 19 वर्ष, निवासी भागीरथपुरा, इंदौर को गिरफ्तार किया गया। शराब के साथ स्कूटी को भी जब्त कर लिया गया।
आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज
आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। विभाग के अनुसार जब्त मदिरा एवं वाहन की कुल कीमत लगभग ₹1,03,625 आंकी गई है।
कार्रवाई के दौरान मुख्य आबकारी आरक्षक किशनसिंह रघुवंशी, ओमप्रकाश साहू एवं वाहन चालक प्रदीप का सराहनीय योगदान रहा।
आबकारी विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध मदिरा के परिवहन, विक्रय एवं संग्रहण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

