इंदौर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई : बंद मकान से 792 बल्क लीटर अवैध मदिरा बरामद, कीमत करीब ₹5.50 लाख
पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। जिले में अवैध मदिरा के विक्रय, परिवहन और संग्रहण के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में 10 सितंबर 2026 की सुबह मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम बसंदरा, वृत्त सांवेर में एक बंद मकान की तलाशी ली गई।
कार्रवाई कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के आदेश एवं सहायक आयुक्त आबकारी श्री अभिषेक तिवारी के निर्देशन में की गई। टीम ने मकान की तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध मदिरा बरामद की।
आबकारी विभाग के अनुसार मौके से कुल लगभग 792 बल्क लीटर अवैध मदिरा जब्त की गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब ₹5.50 लाख बताई गई है। बरामद मदिरा मध्यप्रदेश में बिक्री के लिए रखी गई थी।
यह कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारियों धर्मेंद्र जोशी, पवन टीकेकर एवं निधि शर्मा के नेतृत्व में आबकारी उपनिरीक्षक जया मुजाल्दे एवं जयेश वास्केल तथा विभागीय अमले द्वारा की गई।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के विक्रय, परिवहन एवं संग्रहण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

