इंदौर नगर निगम की सख्त कार्रवाई: खुले में कचरा फेंकने और गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना
राजेश धाकड़
इंदौर। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए नगर निगम द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जोन क्रमांक 01 के वार्ड 16 बांगड़दा रोड स्थित सुपर कॉरिडोर के पास बोरियों में भरकर शॉप का कचरा फेंके जाने का मामला सामने आया।
निरीक्षण के दौरान वार्ड दरोगा ने जब मौके पर कचरा देखा तो इसकी सूचना तत्काल जोन 01 के सहायक सीएसआई भारत करोसिया को दी गई। सूचना मिलते ही करोसिया मौके पर पहुंचे और बोरियों को खुलवाकर उनमें रखे सामान के आधार पर साक्ष्य जुटाए। जांच में मिले पते के आधार पर संबंधित व्यक्ति से संपर्क किया गया और अभिजीत जैन को मौके पर बुलाया गया।
पूछताछ में अभिजीत जैन ने स्वीकार किया कि उक्त कचरा उनकी दुकान का ही था। उन्होंने बताया कि शॉप खाली की गई थी और परिवार में गमी होने के कारण वे बाहर चले गए थे। कर्मचारियों को सफाई कर कचरा बोरियों में भरकर रखने को कहा था, ताकि बाद में निगम शुल्क जमा कर अधिकृत तरीके से निस्तारण कराया जा सके, लेकिन कर्मचारियों ने कचरा सुपर कॉरिडोर के पास फेंक दिया।
गलती स्वीकार करने पर सहायक सीएसआई भारत करोसिया द्वारा ₹10,000 का जुर्माना वसूला गया।
इसी वार्ड 16 में निरीक्षण के दौरान पेट्रोल पंप के पास एक दुकान के बाहर गंदगी और जीरू की बोतलें पड़ी मिलीं, जिस पर संबंधित दुकान संचालक पर ₹4,500 की चालानी कार्रवाई की गई।
वहीं वार्ड 09 में एक फ्रूट दुकान पर प्रतिबंधित पॉलिथिन का उपयोग करते हुए पाए जाने पर सहायक सीएसआई ने दुकानदार राम केवट को फटकार लगाई, पॉलिथिन जब्त की और ₹1,000 का चालान वसूला।
इस कार्रवाई में वार्ड सहायक दरोगा आशीष करोसिया, सचिन सिरसिया एवं सचिन कल्याणे सहित निगम अमला मौजूद रहा।
नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि शहर में गंदगी फैलाने, प्रतिबंधित पॉलिथिन उपयोग करने और खुले में कचरा फेंकने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।

