इंदौर पुलिस कमिश्नरेट की अप्रैल 2026 रैंकिंग जारी, थाना बाणगंगा बना नंबर-1
पत्रकार खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा माह अप्रैल 2026 के लिए थानों के कार्य निष्पादन का मूल्यांकन जारी कर दिया गया है। जारी रैंकिंग में थाना बाणगंगा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया है। वहीं थाना चंदन नगर दूसरे और थाना भंवरकुआं तीसरे स्थान पर रहा।
पुलिस कमिश्नरेट द्वारा जारी इस मूल्यांकन का उद्देश्य थानों के कार्यों को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनहितकारी बनाना बताया गया है। रैंकिंग में अपराध नियंत्रण, शिकायतों के निराकरण, जनता से व्यवहार, लंबित मामलों के निपटारे सहित विभिन्न बिंदुओं को आधार बनाया गया।
जारी सूची के अनुसार जोन-3 का थाना बाणगंगा पूरे शहर में प्रथम स्थान पर रहा। वहीं औसत कार्यप्रणाली के चलते थाना परदेशीपुरा अंतिम स्थान पर पहुंच गया।
कमिश्नरेट की इस पहल को पुलिस व्यवस्था में प्रतिस्पर्धा और जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि बेहतर प्रदर्शन करने वाले थानों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि कमजोर प्रदर्शन वाले थानों में सुधार के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।

