इंदौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी कुछ घंटों में गिरफ्तार
पत्रकार खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। महिला एवं बाल अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के तहत थाना चंदन नगर पुलिस ने नाबालिग पीड़िता से दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर पुलिस द्वारा ₹5 हजार का नगद इनाम भी घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार 17 वर्ष 11 माह की नाबालिग पीड़िता ने अपने परिजनों के साथ थाना चंदन नगर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि पारिवारिक विवाद के चलते वह वर्ष 2025 में खरगोन से इंदौर आकर अपने रिश्तेदार के घर रहने लगी थी। इसी दौरान आरोपी ने पारिवारिक संबंधों और विश्वास का दुरुपयोग करते हुए उसे धमकाकर कई बार दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देता था, जिसके डर से वह लंबे समय तक किसी को घटना की जानकारी नहीं दे सकी। लगातार शोषण के कारण पीड़िता गर्भवती हो गई और 30 अप्रैल 2026 को इंदौर के एक निजी अस्पताल में उसने बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद परिजनों को पूरे मामले की जानकारी हुई और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं पाक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी जोन-4 के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई और तकनीकी व मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी विकास नायक (23) निवासी पालदा को गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रकरण में एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है तथा डीएनए परीक्षण सहित वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तिलक कारोले, उप निरीक्षक सौरभ कुशवाह, उप निरीक्षक संध्या श्रीवास्तव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

