इंदौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एमडी ड्रग्स का मुख्य सप्लायर रतलाम से गिरफ्तार, छत्रीपुरा पुलिस ने दबोचा
28.85 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ पहले पकड़े गए थे दो आरोपी, पूछताछ में हुआ था मुख्य सप्लायर का खुलासा
पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। शहर में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे राज्यस्तरीय एंटी नारकोटिक्स अभियान के तहत छत्रीपुरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एमडी ड्रग्स के मुख्य सप्लायर को रतलाम से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी जानकारी के आधार पर रतलाम की संकरी गलियों में घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर 2026 को गंगवाल बस स्टैंड पर वाहन चेकिंग के दौरान क्रेटा कार क्रमांक MP 09 CX 6625 से फिरोज और मोहम्मद अफजल को गिरफ्तार किया गया था। उनके कब्जे से 28.85 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई थी। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 11 लाख 90 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया था।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने एमडी ड्रग्स के मुख्य सप्लायर नजर अहमद उर्फ हनी उर्फ लाला, निवासी नाहरपुरा, गांधी स्कूल के पास, मानक चौक, रतलाम का नाम बताया था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी अलग-अलग थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत एमडी ड्रग्स से जुड़े कई मामले दर्ज होना सामने आया है।
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मयंक अवस्थी के निर्देश पर डीसीपी जोन-4 नरेंद्र रावत के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी संजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
इनकी रही अहम भूमिका: कार्रवाई में उपनिरीक्षक पवन कुमार नरवरे, सहायक उपनिरीक्षक दीपेश गोराना, प्रधान आरक्षक धर्मेंद्र पाठक, आरक्षक धर्मेंद्र सिंह सोनगरा एवं भूपेंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

