8 साल से बंद पड़ी आंगनवाड़ी बनी मुसीबत, आवारा जानवरों और जहरीले जीव-जंतुओं का डेरा

  • Share on :

ग्रामीणों ने की आंगनवाड़ी शुरू कराने या भवन हटाने की मांग, शिकायतों के बावजूद नहीं हुई सुनवाई
संवाददाता -पुनीत सेन
खंडवा। ग्राम खारकलां में करीब 8 वर्षों से बंद पड़ी आंगनवाड़ी अब आसपास रहने वाले मोहल्लेवासियों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। देखरेख के अभाव में आंगनवाड़ी परिसर में आवारा जानवरों और जहरीले जीव-जंतुओं का बसेरा हो गया है। इससे आसपास रहने वाले लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।
मोहल्लेवासियों का कहना है कि पिछले करीब 8 साल से आंगनवाड़ी बंद पड़ी है। यहां न तो बच्चों के लिए कोई गतिविधि संचालित होती है और न ही किसी प्रकार का कामकाज होता है। लंबे समय से बंद पड़े भवन की साफ-सफाई और देखरेख नहीं होने के कारण परिसर में आवारा जानवरों के साथ जहरीले जीव-जंतुओं का जमावड़ा लगा रहता है। इससे बच्चों और आसपास रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।
ग्रामीणों के अनुसार, इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम पंचायत के सचिव को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मोहल्लेवासियों का कहना है कि यदि आंगनवाड़ी का संचालन नहीं होना है तो इसे दोबारा शुरू कराया जाए या फिर नियमानुसार भवन को हटाया जाए, ताकि लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।
अब सवाल यह उठता है कि आखिर करीब 8 वर्षों से बंद पड़ी आंगनवाड़ी की जिम्मेदारी किसकी है? ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में संज्ञान लेकर जल्द उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper