इंदौर में खाद्य तेलों की गुणवत्ता जांच का विशेष अभियान, मल्हारगंज और सियागंज में कार्रवाई, 11 नमूने लिए, 10,500 लीटर तेल जब्त

  • Share on :

पत्रकार :- खुशबू श्री श्रीवास्तव
इंदौर। खाद्य तेलों में मिलावट की रोकथाम और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन, इंदौर द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्य प्रदेश के निर्देशन तथा कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में की जा रही इस कार्रवाई के तहत अलग-अलग प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य तेलों के नमूने लिए जा रहे हैं।
अभियान के तहत मल्हारगंज स्थित श्री श्याम एंड श्याम ऑयल्स प्राइवेट लिमिटेड के गोदाम का निरीक्षण किया गया। यहां सोना सिक्का ब्रांड मूंगफली तेल एवं कच्ची घानी मस्टर्ड ऑयल के विभिन्न पैकिंग साइज के कुल 9 नमूने जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान पर आवश्यक खाद्य लाइसेंस उपलब्ध नहीं पाया गया।
कार्रवाई के दौरान मौके से करीब 10,500 लीटर खाद्य तेल जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपये बताई गई है। लिए गए सभी नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इसी अभियान के तहत 23 सितंबर को सियागंज स्थित शंकर महादेव ट्रेडर्स का भी निरीक्षण किया गया। यहां से प्रीमियम रिफाइंड ग्राउंडनट ऑयल और गुलाब कोल्ड प्रेस्ड ग्राउंडनट ऑयल के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। इन नमूनों को भी राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जाएगा।
इस तरह एक ही दिन की कार्रवाई में खाद्य तेलों के कुल 11 नमूने संग्रहित किए गए और करीब 10,500 लीटर खाद्य तेल जब्त किया गया। जब्त तेल की अनुमानित कीमत 21 लाख रुपये है।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अनुसार, अन्य राज्यों और मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से इंदौर आने वाले खाद्य तेलों की गुणवत्ता की जांच तथा मिलावट पर रोक लगाने के लिए यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य तेल उपलब्ध कराना है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper