इंदौर में फिर सजेगा शास्त्रीय संगीत का महाकुंभ
शास्त्रीय संगीत प्रेमियों के लिए एक बार फिर सुनहरा अवसर आने वाला है। संगीत गुरुकुल द्वारा आयोजित इंदौर म्यूज़िक फेस्टिवल (सीज़न 11) का भव्य आयोजन 27 व 28 जनवरी 2026 को लाभ मंडपम, इंदौर में सायं 7 बजे से किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित संगीत समारोह संगीत मार्तंड पद्मविभूषण पं. जसराज जी को समर्पित रहेगा।
कार्यक्रम में देश के जाने-माने शास्त्रीय संगीतकार, गायक एवं वादक अपनी सुरमयी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। उत्सव में पं. स्वपन चौधरी द्वारा तबला सोलो, पं. विश्व मोहन भट्ट (मोहन वीणा), पं. सलील भट्ट (सत्विक वीणा) सहित राजस्थान की लोक परंपरा को जीवंत करते डेज़र्ट स्लाइड की विशेष प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेगी।
द्वितीय दिवस गायन प्रस्तुति में श्री गौतम काले एवं विदुषी मालिनी अवस्थी अपनी मधुर आवाज़ से शास्त्रीय और लोक संगीत का अद्भुत संगम प्रस्तुत करेंगे। साथ ही सारंगी, हारमोनियम, तबला और पखावज पर देश के श्रेष्ठ संगतकार मंच साझा करेंगे।
यह संगीत समारोह केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का एक सांस्कृतिक अभियान है। शहर के संगीत प्रेमियों में इस आयोजन को लेकर अभी से उत्साह देखने को मिल रहा है।यह कार्यक्रम सभी के लिए है।

