इंदौर यातायात पुलिस का सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान जारी
इंदौर। यातायात पुलिस द्वारा 26 अप्रैल से 10 मई 2026 तक “सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा” अभियान के तहत व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए गए। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में 15 दिनों में 51 कार्यक्रम आयोजित कर लगभग 19,380 लोगों को प्रत्यक्ष रूप से जागरूक किया गया, जबकि लाखों लोगों तक अप्रत्यक्ष रूप से संदेश पहुंचा।
अभियान के दौरान हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग, ड्रिंक एंड ड्राइव, मोबाइल उपयोग व ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर स्कूल, कॉलेज, संस्थानों एवं चौराहों पर जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, रैली और ट्रैफिक पाठशाला आयोजित की गई।
साथ ही 3650 ट्रैफिक प्रहरियों ने यातायात व्यवस्था में सहयोग दिया तथा 4220 से अधिक हेलमेट वितरित किए गए। यातायात पुलिस ने व्हाट्सएप हेल्पलाइन 7049107620 पर प्राप्त 2753 शिकायतों में से 2735 का निराकरण भी किया।
इंदौर यातायात पुलिस ने कहा कि भविष्य में भी “सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा” अभियान लगातार जारी रहेगा।

