त्योहारों से ठीक पहले कारोबारियों को महंगाई का झटका: 1 नवंबर से महंगा हुआ कमर्शियल LPG सिलिंडर, घरेलू गैस के दाम स्थिर

  • Share on :

नई दिल्ली। दिवाली और छठ पूजा से पहले देश के कारोबारियों को महंगाई का एक और झटका लगा है। सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने एक नवंबर से 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। अलग-अलग शहरों में सिलिंडर के दाम 10 से 12 रुपये तक बढ़े हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नई दरें रविवार से देशभर में लागू हो गई हैं। हालांकि, घरेलू रसोई गैस उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।  कमर्शियल सिलिंडर की कीमतों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय हुई है, जब बाजारों में त्योहारों की खरीदारी तेज होने वाली है। होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और कैटरिंग कारोबार में इस्तेमाल होने वाले इन सिलिंडरों के महंगे होने से कारोबारियों की परिचालन लागत बढ़ सकती है।
इंडियन ऑयल की ओर से जारी कीमतों के अनुसार, दिल्ली में 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल सिलिंडर अब 2,820 रुपये का हो गया है। अक्टूबर में इसकी कीमत 2,810 रुपये थी। इस तरह राजधानी में 10 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
कोलकाता में सिलिंडर का दाम 2,959 रुपये से बढ़कर 2,971 रुपये पहुंच गया है। यहां उपभोक्ताओं को अब 12 रुपये अधिक चुकाने होंगे। मुंबई में कमर्शियल सिलिंडर की कीमत 2,764 रुपये से बढ़कर 2,775 रुपये हो गई है। वहीं, चेन्नई में इसकी कीमत 2,983 रुपये से बढ़कर 2,994.50 रुपये पहुंच गई है। यहां 11.50 रुपये की वृद्धि हुई है।
अहमदाबाद में भी कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर महंगा हुआ है। यहां इसकी कीमत 2,831.50 रुपये से बढ़कर 2,842 रुपये हो गई है। यानी उपभोक्ताओं को अब 10.50 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।
कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में लगातार बदलाव के बीच घरेलू उपभोक्ताओं को राहत दी गई है। 14.2 किलोग्राम वाले रसोई गैस सिलिंडर के दाम पहले की तरह ही रखे गए हैं। चेन्नई में घरेलू सिलिंडर 957.50 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये और अहमदाबाद में 949 रुपये में उपलब्ध है।
कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में पिछले कुछ महीनों के दौरान लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। सितंबर 2026 में सरकारी तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले सिलिंडर के दाम 9.50 रुपये बढ़ाए थे। इसके बाद अक्टूबर में कीमतों में 62.50 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई।
हालांकि, अगस्त में कारोबारियों को राहत देते हुए कमर्शियल सिलिंडर की कीमतों में 209 रुपये की कटौती की गई थी। घरेलू सिलिंडर के दाम उस समय भी स्थिर रखे गए थे।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper