इन्दौर फायर सर्विस को सुदृढ़ बनाने की पहल, अग्नि सुरक्षा हेतु एक माह का प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ
आदित्य शर्मा
इंदौर। आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल के निर्देशन में इन्दौर फायर सर्विस को अधिक सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। गंभीर अग्नि दुर्घटनाओं से प्रभावी तरीके से निपटने हेतु उन्नत तकनीक के तहत फायर फाइटिंग रोबोट का उपयोग भी किया जा रहा है, जिससे जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में सुरक्षित कार्रवाई संभव हो सके।
अपर आयुक्त एवं प्रमुख अधीक्षक फायर श्री आशीष कुमार पाठक ने बताया कि फायर स्टेशनों में बल की कमी को दूर करने के लिए नगर निगम द्वारा आउटसोर्स के माध्यम से 33 फायर हेल्पर एवं चालक नियुक्त किए गए हैं। इन सभी को लक्ष्मीबाई नगर स्थित फायर प्रशिक्षण केंद्र में एक माह का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को फायर उपकरणों के संचालन, आग के प्रकारों की पहचान, नियंत्रण तकनीकों एवं आधुनिक उपकरणों के उपयोग की व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है, जिससे वे आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई कर सकें।
प्रशिक्षण उपरांत इन कर्मचारियों को शहर के विभिन्न फायर स्टेशनों पर तैनात किया जाएगा, जिससे फायर बल की कमी दूर होगी और शहर की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत बनेगी।

