अंतरराष्ट्रीय जिझौतिया ब्राह्मण महासंघ इंदौर को मिला नया नेतृत्व
अनिल वाजपेयी बने जिलाध्यक्ष, शुभम शर्मा युवाशक्ति अध्यक्ष के रूप में करेंगे कार्य
इंदौर। अंतरराष्ट्रीय जिझौतिया ब्राह्मण महासंघ द्वारा संगठन के विस्तार एवं समाजहित में कार्यों को गति प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित मैराथन बैठकों के पश्चात महत्वपूर्ण संगठनात्मक नियुक्तियों की घोषणा की गई।
महासंघ ने युवा एवं सक्रिय समाजसेवी श्री अनिल वाजपेयी को इंदौर जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। श्री वाजपेयी लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं तथा समाज के विभिन्न वर्गों के बीच समन्वय स्थापित करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
महासंघ के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में संगठन इंदौर जिले में और अधिक मजबूत होगा तथा समाजहित के कार्यों को नई दिशा मिलेगी।
वहीं श्री शुभम शर्मा पूर्ववत युवाशक्ति इकाई अध्यक्ष के दायित्व का निर्वहन करते रहेंगे। संगठन द्वारा युवाओं को जोड़ने एवं सामाजिक गतिविधियों में उनकी सहभागिता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान भी चलाए जाएंगे।
संगठन ने बताया कि इंदौर इकाई के लिए एक सक्षम संयोजक की घोषणा भी शीघ्र की जाएगी, जो संगठन की विभिन्न इकाइयों के बीच समन्वय स्थापित करेगा।
महासंघ के पदाधिकारियों ने सभी समाजबंधुओं से संगठन को मजबूत बनाने एवं समाजोत्थान के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

