पूर्णिया में जांच एजेंसियों की रेड से हड़कंप: पाकिस्तानी कनेक्शन मामले में शाहिद अख्तर गिरफ्तार, गुप्त स्थान पर हो रही पूछताछ
पूर्णिया। बिहार के पूर्णिया जिले में एक साथ कई जांच एजेंसी की रेड से हड़कंप मच गया। यहां एनआईए, आईबी, एटीएस और पूर्णिया पुलिस की टीम ने बुधवार को मधुबनी थाना क्षेत्र के कृष्णापुरी यादव टोले में संयुक्त छापेमारी की। टीम ने पाकिस्तानी कनेक्शन और नफरती बातचीत (हेट चैटिंग) के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शाहिद अख्तर के रूप में की गई है। एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने संयुक्त छापेमारी एवं युवक की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी सोशल मीडिया पर ग्रुप बनाकर सौहार्द बिगाड़ने वाला चैट कर रहा था। ग्रुप में एक पाकिस्तानी नंबर भी मिला है। टीम युवक से पूछताछ कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी बीसीए का छात्र है। बताया जा रहा है कि वह पिछले दो सालों से इस्लामिक कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित था। इस बीच उसने विभिन्न प्लेटफॉर्म पर चैटिंग ग्रुप बना रखा था। इस ग्रुप में पाकिस्तान एवं अफ्रीकन देश के लोग जुड़े थे। हालांकि, अफ्रीकन देश के नागरिक से जुड़ाव को लेकर अब तक कोई आधिकारिक खुलासा नहीं हो पाया है। ग्रुप में इस्लामिक कट्टरपंथी विचारधारा का प्रचार-प्रसार किया जा रहा था। इस बात की भनक आईबी को मिली, जिसके बाद आईबी के इनपुट पर मंगलवार को आरोपी के घर पर सुरक्षा एजेंसियों की टीम ने छापेमारी की। टीम युवक को गुप्त स्थान पर रखकर लगातार पूछताछ कर रही है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

