अवैध रेत उत्खनन पर जयसिंहनगर पुलिस की कार्रवाई, ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
साहिल खान
शहडोल। पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देशन में जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जयसिंहनगर पुलिस ने 14 सितंबर 2026 को ग्राम टेटका-बिल्हाडंडी हार में अवैध रूप से रेत उत्खनन और परिवहन किए जाने की सूचना पर दबिश देकर एक आरोपी को पकड़ा तथा रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिलने के बाद जयसिंहनगर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां दो व्यक्ति नाले से रेत निकालकर ट्रैक्टर-ट्रॉली में लोड करते मिले। पुलिस को देखकर ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन कुछ दूरी पर चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर मौके से फरार हो गया। वहीं ट्रैक्टर में सवार अभिनव मिश्रा उर्फ सत्यम मिश्रा, पिता सूर्यप्रकाश मिश्रा, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम टेटका को पुलिस ने पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी राहुल केवट, पिता सुखलाल केवट, निवासी ग्राम टेटका के साथ मिलकर नाले से रेत का अवैध उत्खनन कर बिक्री के लिए ले जा रहा था। मौके पर रेत के उत्खनन एवं परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या रॉयल्टी प्रस्तुत नहीं की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बिना नंबर के पावर ट्रैक कंपनी के ट्रैक्टर और रेत से भरी ट्रॉली, जिसमें करीब 2 घन मीटर रेत थी, जब्त की। जब्त वाहन और रेत की कुल अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 83 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपीगण के खिलाफ धारा 303(2), 317(5), 3(5) बीएनएस एवं धारा 4/21 खान एवं खनिज अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। आरोपी अभिनव मिश्रा उर्फ सत्यम को धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत नोटिस तामील किया गया है, जबकि फरार आरोपी राहुल केवट की तलाश की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जयसिंहनगर निरीक्षक अजय कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक राकेश बागरी, सहायक उपनिरीक्षक सुरेश कुमार, आरक्षक ऋषिकांत मिश्रा एवं महिला आरक्षक खुशबू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

